शहजाद भट्टी नेटवर्क पर यूपी एटीएस का शिकंजा, लखनऊ समेत 10 जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी

Join Us

नई दिल्ली,(आरएनएस)। पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क से कथित संबंधों की जांच में उत्तर प्रदेश एटीएस ने कार्रवाई तेज कर दी है। एजेंसी की टीमों ने लखनऊ समेत प्रदेश के 10 जिलों में संदिग्धों के घरों और अन्य ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, अलीगढ़ और मेरठ समेत अन्य जिले शामिल हैं।एटीएस की यह कार्रवाई पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान सामने आए नए नामों और संपर्कों के आधार पर की जा रही है। एजेंसी 150 से अधिक ऐसे लोगों की गतिविधियों और संपर्कों की जांच कर रही है, जिनके बारे में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में जानकारी मिली थी। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इनमें से किन लोगों का नेटवर्क से वास्तविक संबंध था और उनकी भूमिका क्या रही है।जांच एजेंसी संदिग्धों के सोशल मीडिया खातों, चैट, संपर्कों और अन्य डिजिटल गतिविधियों को भी खंगाल रही है। इसके अलावा वित्तीय लेनदेन और डिजिटल नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, अब तक सामने आए कई संदिग्धों से पूछताछ की जा चुकी है और उनके डिजिटल संपर्कों का विश्लेषण जारी है। इससे पहले पिछले कुछ महीनों में शहजाद भट्टी नेटवर्क से कथित रूप से जुड़े मामलों में कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। अगस्त में यूपी एटीएस की जांच में 52 गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद 150 से अधिक संदिग्धों की पहचान किए जाने की जानकारी सामने आई थी। एजेंसी का फोकस यह पता लगाने पर है कि इनमें से कौन महज संपर्क में था और कौन नेटवर्क की गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल था।

Previous articleशिमला-मनाली से लेकर नैनीताल तक महाजाम, कैंची धाम में पैर रखने की जगह नहीं; वीकेंड पर लगी पर्यटकों की भारी भीड़
Next articleराहुल गांधी ने शुरू की ‘सत्याग्रह’ पहल, लोगों से मांगी अन्याय के खिलाफ संघर्ष की कहानी