अहमदाबाद ,30 सितंबर ,(आरएनएस)। गुजरात के बनासकांठा जिले में भारतमाला हाईवे पर एक दिल दहला देने वाला सडक़ हादसा सामने आया है, जहां सडक़ पर अचानक आए एक आवारा सांड से टकराने के बाद बेकाबू हुई तेज रफ्तार रेंज रोवर डिस्कवरी कार डिवाइडर में जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली करोड़ों रुपये की लग्जरी एसयूवी पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई और उसके पुर्जे सडक़ पर दूर-दूर तक बिखर गए। इस भीषण दुर्घटना में कार में सवार तीन लोगों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।
राजकोट से राजस्थान जा रही थी लग्जरी कार, संभलने का नहीं मिला मौका
घटना 27 सितंबर की सुबह थराद-डीसा हाईवे पर मालपुर के समीप घटित हुई। राजकोट पासिंग नंबर वाली यह लग्जरी रेंज रोवर कार राजस्थान की ओर जा रही थी। सुबह के सन्नाटे में तेज रफ्तार से दौड़ रही कार के सामने अचानक एक बड़ा आवारा सांड आ गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम में चालक को ब्रेक लगाने या गाड़ी संभालने का जरा भी मौका नहीं मिला। सांड को जोरदार टक्कर मारने के बाद चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित एसयूवी सीधे हाईवे के डिवाइडर से जा टकराई।
2 लोगों ने मौके पर तोड़ा दम, तीसरा घायल अहमदाबाद रेफर
हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत राहत व बचाव के लिए दौड़े और 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचित किया। कार में सवार तीन में से दो लोगों ने गंभीर चोटें लगने के कारण घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। तीसरे घायल यात्री को स्थानीय लोगों और एम्बुलेंस कर्मियों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अहमदाबाद रेफर कर दिया गया है।
आवारा मवेशियों से हाईवे पर मंडराता काल, पुलिस जांच में जुटी
महज चंद सेकंड में घटे इस खौफनाक हादसे ने एक बार फिर देश के एक्सप्रेसवे और हाईवे पर खुलेआम घूमने वाले आवारा मवेशियों के चलते पैदा होने वाले जानलेवा खतरों को उजागर कर दिया है। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहन को हाईवे से हटवाया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक जांच शुरू कर दी है।








