भोपाल,(ए.)। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैगा आदिवासी बहुल इलाकों में बच्चों की मौत का मामला अब राजनीतिक रूप से भी तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक अक्टूबर को बालाघाट पहुंचेंगे। प्रस्तावित दौरे में वे बैहर और बिरसा क्षेत्र के प्रभावित आदिवासी गांवों में जाएंगे और मृत बच्चों के परिजनों से मुलाकात करेंगे।राहुल गांधी का एक माह के भीतर मध्य प्रदेश का यह दूसरा दौरा होगा। इससे पहले 19 सितंबर को वे इंदौर पहुंचे थे, जहां उन्होंने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। बालाघाट में बच्चों की मौत के मामले को लेकर राहुल गांधी पहले भी राज्य सरकार पर सवाल उठा चुके हैं। सितंबर की शुरुआत में उन्होंने 30 से अधिक आदिवासी बच्चों की मौत का उल्लेख करते हुए बीमारी, पोषण, साफ पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सरकार से जांच तथा राहत की मांग की थी। मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक वीडियो शेयर कर राहुल गांधी के बालाघाट दौरे की जानकारी साझा की है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रभावित इलाकों में जाकर मृत बच्चों के परिवारों से मिलेंगे। वे परिवारों से उनकी समस्याओं और सरकारी योजनाओं की वास्तविक स्थिति के बारे में जानकारी लेंगे। सिंघार के मुताबिक, प्रभावित आदिवासी परिवारों तक पोषण, दलिया, मच्छरदानी और टीकाकरण जैसी जरूरी सुविधाएं पहुंचने में कमी रही है। उन्होंने मृत बच्चों के परिवारों को आर्थिक सहायता दिए जाने के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उनका कहना है कि केवल आर्थिक मदद देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक पहुंचे। सिंघार ने स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी तय किए जाने और मुख्यमंत्री की ओर से इस मामले में स्पष्ट जवाब देने की मांग भी की है।








