12 दिवसीय गणेशोत्सव में रोजाना हो रहे विविध आयोजन
भोपाल (संदीप पंडा ) l शिवविहार कॉलोनी में इन दिनों गणेशोत्सव की धूम है। यहां विराजित ‘नीलबड़ के राजा’ की भव्य एवं आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। दर्शन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। 12 दिवसीय गणेशोत्सव के तहत लगातार आयोजित हो रहे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों से कॉलोनी में उत्सव और भक्ति का माहौल बना हुआ है।
गणेशोत्सव के तहत 19 सितंबर को आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पुरस्कार वितरण के अवसर पर प्रतिभागियों के परिजन एवं बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।
वहीं 20 सितंबर को भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इसमें शिवविहार कॉलोनी के रहवासियों के साथ गणेश उत्सव समिति के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए। सामूहिक आरती के दौरान गणपति बप्पा के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
समिति के सदस्यों के अनुसार इस वर्ष गणेशोत्सव को भव्य स्वरूप देने के लिए करीब तीन माह पूर्व से तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। हर वर्ष आयोजन को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाता है। इस बार ‘नीलबड़ के राजा’ की प्रतिमा पिछले वर्षों की तुलना में अधिक विशाल एवं आकर्षक है।
सुबह और शाम होने वाली आरती में भी श्रद्धालुओं की लगातार सहभागिता बनी हुई है। आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।








