रुद्रप्रयाग (ए.)। केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा हैलीपैड के समीप शनिवार सुबह मलबा और पत्थर आने से मार्ग एक बार फिर अवरुद्ध हो गया। गत रात हुई बारिश के कारण पहाड़ी से मलबा और पत्थर रास्ते पर आ गए, जिससे केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई है। जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह दूरभाष के माध्यम से जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को मार्ग अवरुद्ध होने की सूचना मिली। इसके बाद केंद्र की ओर से डीडीएमए गुप्तकाशी के जेई को इसकी जानकारी दी गई। जेई ने बताया कि क्षेत्र में फिलहाल बारिश जारी है। मौसम सामान्य होने के बाद मार्ग से मलबा और पत्थर हटाने का कार्य शुरू किया जाएगा।सुरक्षा के दृष्टिगत प्रशासन ने केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियों को फिलहाल सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोक दिया है। मार्ग सुचारु होने के बाद ही यात्रियों को आगे भेजा जाएगा। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम और पैदल मार्ग की स्थिति को देखते हुए धैर्य बनाए रखें तथा प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करते हुए सहयोग करें।








