शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचा था प्रेमी, परिजनों ने रस्सियों से उल्टा बांधकर पीटा

Join Us

सहारनपुर(ए.)। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में विवाहिता से मिलने उसके घर पहुंचे एक युवक के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के परिजनों ने युवक को पकडक़र रस्सियों से बांधा और उल्टा लटकाकर उसकी पिटाई की। घटना का वीडियो करीब 10 दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर पोल गांव का रहने वाला एक युवक रात करीब 11:30 बजे पड़ोसी गांव में रहने वाली एक विवाहिता से मिलने उसके घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच काफी समय से प्रेम संबंध था और महिला के परिजनों को भी इसकी जानकारी थी। युवक के घर पहुंचने की भनक लगते ही परिजनों ने उसे पकड़ लिया।आरोप है कि इसके बाद युवक को रस्सियों से बांधकर उल्टा लटका दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। बाद में उसे रस्सियों के सहारे लकड़ी की बल्ली से बांध दिया गया। इस दौरान मौके पर काफी लोग जमा हो गए और किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया।
पुलिस ने पहले की थी शांतिभंग की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने पर सुबह मिर्जापुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को थाने ले गई। पुलिस के मुताबिक, उस समय दोनों पक्षों के बीच थाने के बाहर ही समझौता हो गया था और किसी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी थी। इसके बाद युवक के खिलाफ शांतिभंग की धाराओं में कार्रवाई की गई थी।
वीडियो वायरल होने के बाद फिर शुरू हुई जांच
अब घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को दोबारा संज्ञान में लिया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और वीडियो में युवक के साथ हुई मारपीट तथा उसके साथ किए गए कथित अमानवीय व्यवहार की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है।

Previous articleप्रधानमंत्री मोदी ने आबू धाबी के क्राउन प्रिंस से की मुलाकात, भारत-यूएई संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा
Next articleब्रिक्स देशों ने नई दिल्ली घोषणा को सर्वसम्मति से दी मंजूरी, पीएम मोदी ने जारी किए 2 डाक टिकट