22 सितंबर को एकता नगर में राष्ट्रपति प्रदान करेंगी 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार

Join Us

 ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म, ममूटी और कार्तिक आर्यन सर्वश्रेष्ठ अभिनेता; यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का सम्मान
नई दिल्ली, (आरएनएस)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 सितंबर 2026 को गुजरात के एकता नगर (केवडिया) में 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। समारोह में देशभर के फिल्म निर्माता, अभिनेता, तकनीशियन और अन्य कलाकार शामिल होंगे। वर्ष 2024 में भारतीय सिनेमा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और उपलब्धियों के लिए विभिन्न श्रेणियों में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार वर्ष 1954 में स्थापित किए गए थे और इन्हें भारतीय सिनेमा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए देश के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में गिना जाता है। सात दशकों से अधिक समय से ये पुरस्कार फीचर फिल्म, गैर-फीचर फिल्म और सिनेमा पर लेखन के क्षेत्र में उत्कृष्ट रचनात्मक एवं तकनीकी उपलब्धियों को सम्मानित करते आ रहे हैं। साथ ही, पुरस्कार भारतीय सिनेमा की भाषाई, सांस्कृतिक और क्षेत्रीय विविधता को भी सामने लाते हैं।
पहली बार राष्ट्रीय राजधानी से बाहर समारोह
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने एक महत्वपूर्ण नीतिगत पहल के तहत राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह को राष्ट्रीय राजधानी से बाहर देश के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में इस वर्ष का समारोह गुजरात के एकता नगर में आयोजित किया जा रहा है।
सरकार के अनुसार, देश के विभिन्न हिस्सों से जुड़ी सिनेमाई प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने वाला यह आयोजन ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करेगा।
‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का पुरस्कार
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में विभिन्न भाषाओं, विधाओं और सिनेमा के अलग-अलग रूपों की विविधता देखने को मिलेगी। ‘आर्टिकल 370’ को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के पुरस्कार के लिए चुना गया है।
‘भंगार’ को सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म और ‘राम-नामी’ को जूरी की ओर से सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र का पुरस्कार दिया जाएगा।
वहीं, ‘ब्रह्मयुगम’ के लिए ममूटी और ‘चंदू चैंपियन’ के लिए कार्तिक आर्यन को सर्वश्रेष्ठ मुख्य अभिनेता का पुरस्कार मिलेगा। ‘आर्टिकल 370’ में अभिनय के लिए यामी गौतम को सर्वश्रेष्ठ मुख्य अभिनेत्री का सम्मान दिया जाएगा।
अभिनेता रणदीप हुड्डा को ‘स्वतंत्र वीर सावरकर’ के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
कई भाषाओं की फिल्मों को मिला सम्मान
राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में मराठी, संथाली, तमिल, मलयालम, तेलुगु, कन्नड़, तुलु और गढ़वाली समेत विभिन्न भारतीय भाषाओं की फिल्मों को सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार भारतीय सिनेमा की व्यापक भाषाई और सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते हैं।

Previous articleप्रदेश में अब तक 31.1 इंच बारिश, रीवा-शहडोल में 11 सितंबर तक तेज बारिश के आसार
Next article‘चोरों के कमांडर’ टिप्पणी मामला: राहुल गांधी को बॉम्बे हाई कोर्ट से राहत नहीं