जयपुर,(आरएनएस)। जयपुर में नीट-पीजी 2026 परीक्षा के दौरान सीतापुरा स्थित एक परीक्षा केंद्र पर बिजली कटौती को लेकर हंगामा हो गया। बार-बार बिजली गुल होने के कारण अभ्यर्थियों को परीक्षा देने में परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति बिगडऩे के बाद प्रभावित केंद्र पर परीक्षा स्थगित कर दी गई।
अभ्यर्थियों के अनुसार, परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू होनी थी, लेकिन केंद्र पर बिजली गुल होने के कारण परीक्षा समय पर शुरू नहीं हो सकी। बाद में परीक्षा शुरू होने के बावजूद बिजली बार-बार चली गई, जिससे परीक्षा में इस्तेमाल किए जा रहे कंप्यूटर बंद होते रहे। इससे परेशान अभ्यर्थियों ने केंद्र पर विरोध और हंगामा शुरू कर दिया।
राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान परीक्षा बोर्ड (एनबीईएमएस) ने सीतापुरा स्थित प्रभावित परीक्षा केंद्र पर 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है। रिपोर्ट के अनुसार, परीक्षा केंद्र पर हुई बिजली कटौती को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने यह फैसला किया है।
बोर्ड की ओर से प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित किए जाने से उन्हें अपनी परीक्षा पूरी करने का अवसर मिलेगा।
अभ्यर्थियों ने बताया कि बिजली आने के बाद कुछ कंप्यूटरों को दोबारा शुरू किया गया। इसके बाद कुछ अभ्यर्थियों की स्क्रीन पर केवल तीन से चार सवाल दिखाई दिए, जबकि कुछ छात्रों का कहना था कि उनके कंप्यूटर पर पांच से छह सवाल आने के बाद मशीनें फिर बंद हो गईं।
बार-बार कंप्यूटर बंद होने और परीक्षा में व्यवधान आने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती गई। प्रभावित छात्रों ने केंद्र पर परीक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए।
अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि अलग-अलग कंप्यूटरों पर अलग-अलग सवाल दिखाई देने और बार-बार कंप्यूटर बंद होने के कारण उन्हें परीक्षा की गोपनीयता को लेकर भी संदेह पैदा हुआ। छात्रों ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
कुछ अभ्यर्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें कार्रवाई की चेतावनी दी। छात्रों का दावा है कि पुलिस की ओर से कहा गया कि यदि उन्होंने प्रदर्शन जारी रखा तो उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा सकती है।
फिलहाल प्रभावित केंद्र के अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर को दोबारा परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। छात्रों की मांग है कि परीक्षा में हुई तकनीकी और प्रशासनिक खामियों की पूरी जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए।
००








