दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर से हटाए सुरक्षा घेरा-बैरिकेड, इस्लामाबाद की इस हरकत के बाद लिया बड़ा फैसला

Join Us

नई दिल्ली ,(आरएनएस)। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ एक और अहम कार्रवाई की है। भारतीय अधिकारियों ने नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर लगाए गए बाहरी सुरक्षा घेरे को हटा दिया है। डिप्लोमैटिक परिसर की सुरक्षा के लिए सडक़ पर लगाए गए ट्रैफिक बैरिकेड्स और कंक्रीट बोलार्ड्स को भी हटाकर रास्ता खाली कर दिया गया है।
पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि परिसर के चारों ओर बाड़ की तरह बनाया गया बाहरी सुरक्षा घेरा हटा दिया गया है। अधिकारियों ने ट्रैफिक बोलार्ड और बैरिकेड्स भी हटा दिए हैं। पहले सुरक्षा व्यवस्था के तहत इस इलाके में घेरा बनाकर आवागमन को नियंत्रित किया जाता था। भारतीय अधिकारियों ने पाकिस्तानी मिशन के आसपास आवागमन को प्रतिबंधित करने वाली बाहरी सुरक्षा व्यवस्थाओं के कुछ हिस्सों को भी हटा दिया है।
भारत का यह कदम पाकिस्तान की ओर से इस्लामाबाद स्थित भारतीय हाई कमीशन के बाहर लगाए गए सुरक्षा बैरिकेड्स और पार्किंग पोल हटाए जाने के करीब तीन दिन बाद आया है। इसके बाद नई दिल्ली में भी पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर सुरक्षा घेरे को हटाया गया।
भारतीय अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर बनाए गए कुछ ढांचे और लाइन-मैनेजमेंट के लिए लगाए गए बैरियर हटा दिए गए हैं। ये बैरियर पाकिस्तानी मिशन के वीजा सेक्शन के पास लगाए गए थे। अधिकारियों के मुताबिक, ये ढांचे हाई कमीशन की मंजूर सीमा से बाहर एक गली में बनाए गए थे। इसी वजह से कार्रवाई करते हुए इन्हें हटा दिया गया।
भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ है। ऐसे में दोनों देशों के हाई कमीशन के बाहर सुरक्षा व्यवस्थाओं में बदलाव को राजनयिक स्तर पर महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। यह घटनाक्रम पिछले साल पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच बढ़े तनाव की पृष्ठभूमि में सामने आया है। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी और भारत ने इसके लिए पाकिस्तान समर्थित आतंकवादियों को जिम्मेदार ठहराया था। पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर सुरक्षा घेरे को हटाने की भारत की कार्रवाई को इस्लामाबाद की हालिया कार्रवाई के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।

Previous articleवैवाहिक विवाद में बच्चे का हो सकता है डीएनए टेस्ट, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला
Next articleब्रिक्स देशों के संचार मंत्रियों की 12वीं बैठक 21 अगस्त को, ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे अध्यक्षता