हजारों की संख्या में राजधानी पहुंचे किसानों का जमकर प्रदर्शन

Join Us

 कह रहे हैं किसान नेता- हमारी मांगे नहीं माने जाने तक रहेंगे भोपाल में ,शासन प्रशासन से नहीं मिल रही सुविधाएं
विलक्षण सक्सेना
भोपाल। 100 प्रतशित मूंग खरीदी और खाद वितरण की सही व्यवस्था के साथ ही किसानों की अन्य समस्याओं को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा की किसान क्रांति पैदल यात्रा में हजारों की संख्या में पहुंचे किसान मप्र की राजधानी भोपाल में जमकर प्रदर्शन कर रहे हैं। नारेबाजी कर रहे हैं। करीब ढाई हजार से ज्यादा किसान मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने के लिए निकले हैं। किसान नेता लीलाधर राजपूत, राकेश गौर, केशव साहू से हुई चर्चा में उन्होने बताया कि प्रदेश के अनेक स्थानों से किसान आ रहे हैं लेकिन अनेक स्थानों पर प्रशासन द्वारा किसानों को रोका जा रहा है। हमारी मांग को लेकर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से मिलने जा रहे हैं लेकिन हमें बार बार रोका जा रहा है।किसान नेताओं का कहना है कि शासन प्रशासन से अनेक दौर की वार्ता होने के बाद भी हमारी माांगों को अनदेखा किया जा रहा है। इसलिए किसानों के संयुक्त मोर्चा को प्रदेश की राजधानी आने को मजबूर होना पड़ा है। किसानों का जत्था नर्मदापुरम में मां नर्मदा की पूजा अर्चना करने के बाद पैदल मार्च करते हुए भोपाल पहुंचा है। दो दिन से भोपाल के तमाम मार्गों पर किसानों के समूह जमा होने से यातायात प्रभावित हुआ है। बड़ी संख्या में पुलिस बल लगाया गया है।
शासन प्रशासन से नहीं मिल रही सुविधाएं
किसान नेताओं ने बताया कि हमें शासन की और से कोई सुविधा नहीं दी जा रही है। हम अपने साधन से यहां पर नाश्ता भोजन की व्यवस्था कर रहे हैं। हमने स्वयं भोजन सामग्री लेकर आए हैं। हमारे बच्चे जो भोपाल में पढ़ाई करने आए हैं उनके द्वारा भी नाश्ता भोजन पानी लाया जा रहा है। हमें लघु शंका तक के लिए भवन में नहीं जाने दिया जा रहा है कहा जा रहा है कि आप लोग खेत में ही जाएं।
बैरिकेडिंग पारकर आगे बढ़े हजारों किसान
पैदल यात्रा की शुरूआत नर्मदापुरम से ही अनेक स्थानों की पुलिस की बैरिकेडिंग को पार कर हजारों किसान आगे बढ़ते हुए भोपाल पहुंचे हैं। भोपाल में भी बैरिकेडिंग को पार कर चुके हैं। शहर में पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। हम सप्ताह भर की तैयारी से आएं हैं।
वाहनों पर चढ़ गए किसान
अनेक किसान पुुलिस बस सहित अन्य वाहनों पर चढ़ गए। नारेबाजी की अनेक किसानों ने अपनी शर्ट निकाल दी। कुछ स्थानों पर पुलिस और किसानों के बीच धक्का मुक्की भी हो रही है। अनेक किसान हाथों में तिरंगा लिए हुए हैं।
वाहन भी लेकर आए हैं किसान
किसान मोर्चा में पैदल मार्च करते हुए भोपाल आए किसानों के साथ उनके लिए भोजन सामग्री साथ लेकर अनेक वाहन टैक्टर ट्राली भी लेकर पहुंचे हैं। प्रशासन लगातार किसानों को रोकने की कोशिश कर रहा है। लेकिन किसान नहीं मान रहे हैं। किसान नेताओं ने बताया कि इस आंदोलन में करीब 19 किसान संगठन शामिल हैं।

 

 

Previous articleवैष्णो देवी श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात: रेलवे ने तीन नई ट्रेन सेवाओं की घोषणा की, दो नई वंदे भारत भी दौड़ेंगी
Next articleकिसानों के हित में मध्यप्रदेश सरकार के निर्णय