संसद परिसर में पेपर लीक पर सियासी टकराव, प्रदर्शन के दौरान आमने-सामने आए एनडीए और विपक्षी सांसद; जमकर नारेबाजी

Join Us

मानसून सत्र के बीच गुरुवार को संसद भवन परिसर में नीट  पेपर लीक और राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास तक किए गए प्रदर्शन को लेकर सियासी माहौल गरमा गया। संसद के मकर द्वार पर एनडीए और विपक्षी सांसद आमने-सामने आ गए और दोनों पक्षों ने अपने-अपने मुद्दों को लेकर जमकर नारेबाजी की।
एनडीए सांसदों ने राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास तक किए गए प्रदर्शन का विरोध किया, जबकि विपक्षी सांसद नीट पेपर लीक मामले को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते रहे। कुछ समय तक दोनों पक्ष मकर द्वार पर डटे रहे और एक-दूसरे के खिलाफ नारे लगाते रहे।
सरकार का कहना है कि शिक्षा मंत्रालय की शिकायत के आधार पर सीबीआई ने नीट पेपर लीक मामले की जांच शुरू कर दी है और विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं। सरकार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा भी दिया है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाया जाएगा।
वहीं विपक्ष का आरोप है कि परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखने में सरकार और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (हृञ्ज्र) पूरी तरह विफल रही है, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। विपक्ष ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई।
इसी बीच छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेपर लीक के मामलों में दोषियों को जल्द और कठोर सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा, ताकि मामलों का त्वरित निस्तारण हो सके।
प्रधानमंत्री के इस ऐलान पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पलटवार किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि युवाओं के भविष्य को सबसे अधिक नुकसान मौजूदा सरकार ने पहुंचाया है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को कमजोर होने दिया और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को संरक्षण दिया।

Previous article16 मेट्रो स्टेशन बंद होने पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा- दोपहर तक समाधान नहीं हुआ तो देंगे दखल
Next articleअनंतनाग आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा रणनीति की हो रही समीक्षा