काले कपड़ों में संसद पहुंचे विपक्षी सांसद, छात्रों के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ जताया विरोध

Join Us

नई दिल्ली, (आरएनएस)। छात्रों के मुद्दों और हालिया विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर बुधवार को संसद परिसर में विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सहित कई दलों के सांसद काले कपड़े और काले स्कार्फ पहनकर संसद पहुंचे।समाजवादी पार्टी के सांसद भी विरोध में काले स्कार्फ पहनकर शामिल हुए। सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी इससे पहले प्रधानमंत्री आवास के बाहर आयोजित कांग्रेस के धरने में शामिल हुए थे, जहां उन्हें कांग्रेस नेताओं के साथ हिरासत में लिया गया था।कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने कहा कि काले वस्त्र धारण करना हाल के प्रदर्शनों के दौरान विपक्षी सांसदों के साथ कथित पुलिस कार्रवाई के विरोध का प्रतीक है। उनके अनुसार, संसद के मकर द्वार पर किया गया प्रदर्शन सुरक्षा बलों की कार्यशैली के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से असहमति दर्ज कराने का प्रयास था।वहीं, राजद सांसद संजय यादव ने सरकार पर पेपर लीक की घटनाओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले युवाओं के साथ कठोर रवैया अपनाया जा रहा है और प्रशासन को पारदर्शी तरीके से उनकी चिंताओं का समाधान करना चाहिए। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मंगलवार को भी कांग्रेस ने कई राज्यों में विरोध प्रदर्शन किए थे। पार्टी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा तथा अन्य नेताओं को हिरासत में लिए जाने पर आपत्ति जताई थी। साथ ही, छात्रों के समर्थन में हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई की भी आलोचना की गई थी।

Previous articleसोनम वांगचुक अनशन खत्म करने के लिए तैयार,सरकार के सामने रखी शर्त
Next article‘पुलिसवालों ने मेरे कान में कहा सरकार को हटाइए’, राहुल बोले- 152 पेपर लीक, मगर सजा किसी को नहीं