राम जन्मभूमि ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की जांच की मांग, खरगे-राहुल ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

Join Us

नई दिल्ली (आरएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। दोनों नेताओं ने ट्रस्ट के खातों और श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चढ़ावे के उपयोग में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ट्रस्ट से जुड़े वित्तीय मामलों को लेकर सामने आई खबरों ने लाखों श्रद्धालुओं की भावनाओं और विश्वास को प्रभावित किया है। उनका कहना है कि श्रद्धालुओं द्वारा आस्था के साथ दिए गए दान के उपयोग को लेकर स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए।पत्र में उल्लेख किया गया है कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद संसद में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के गठन की घोषणा की गई थी, जबकि इसके सदस्यों की नियुक्ति सरकार की ओर से की गई थी। ऐसे में ट्रस्ट के कार्यों और वित्तीय प्रबंधन को लेकर सरकार की जवाबदेही भी तय होती है।
खरगे और राहुल गांधी ने मांग की है कि ट्रस्ट के सभी वित्तीय लेनदेन, नकद दान, सोना, चांदी तथा अन्य चढ़ावे के उपयोग की स्वतंत्र एजेंसी से व्यापक जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट और ट्रस्ट के खातों को सार्वजनिक किया जाए ताकि प्रत्येक श्रद्धालु यह जान सके कि उसके द्वारा दिया गया दान किस उद्देश्य से और किस प्रकार खर्च किया गया।कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि यदि जांच में किसी व्यक्ति की जिम्मेदारी सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए, चाहे उसका पद या प्रभाव कुछ भी हो। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार और ट्रस्ट की विश्वसनीयता पारदर्शिता, जवाबदेही और त्वरित कार्रवाई पर निर्भर करेगी

Previous articleनिर्वस्त्र होकर मंदिर में घुसी, मूर्ति लेकर तालाब में लगाई छलांग.. महिला इंजीनियर की मौत के इस रहस्य ने उड़ाए होश
Next articleऑस्ट्रेलिया में भारतीय वायु सेना दिखाएगी अपनी मारक क्षमता