नासिक(आरएनएस)। महाराष्ट्र के नासिक से एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया है। यहां एक सिरफिरे आशिक ने अपनी पूर्व प्रेमिका की सगाई से खफा होकर उसे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह है कि जब इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया जा रहा था, तब मृतका का मंगेतर फोन लाइन पर था। हत्या करने के बाद आरोपी ने मंगेतर से फोन पर कहा- ‘वैशू इज फिनिश्ड’ और वहां से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस जब इस खूनी खेल की जांच करते हुए आरोपी तक पहुंची, तो घटनास्थल से महज दो किलोमीटर दूर उसका भी शव फांसी के फंदे से लटकता मिला।
आखिरी बार मिलने के बहाने बुलाया था गार्डन
पुलिस के अनुसार, यह पूरी खौफनाक वारदात शुक्रवार रात की है। आरोपी साहिल अपनी पूर्व प्रेमिका की किसी और से सगाई होने के कारण बुरी तरह बौखलाया हुआ था। उसने आखिरी बार मिलने के बहाने मृतका को वनसंपदा गार्डन इलाके में बुलाया था। लडक़ी भी इस रिश्ते और विवाद को हमेशा के लिए खत्म करने के इरादे से वहां पहुंच गई। हालांकि, अनहोनी की आशंका के चलते उसने वहां पहुंचने से पहले अपने मंगेतर को कॉल कर पूरी बात बता दी थी। मंगेतर ने भी अपना काम छोड़ा और तुरंत उसकी तरफ निकल पड़ा, लेकिन इस दौरान वह लगातार फोन कॉल पर लाइन में ही बना रहा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गार्डन में मिलने के बाद आरोपी साहिल और लडक़ी के बीच करीब आधे घंटे तक तीखी बहस हुई। इस पूरी बातचीत और बहस को मंगेतर फोन पर सुन रहा था। इसी दौरान साहिल के सिर पर खून सवार हो गया और उसने गुस्से में आकर लडक़ी पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ कई हमले कर दिए।
इसके बाद उसने बेरहमी से उसका गला रेत दिया, जिससे लडक़ी वहीं जमीन पर गिर पड़ी और उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
फोन पर दी मौत की खबर, फिर खुद को भी लगा ली फांसी
लडक़ी को मौत के घाट उतारने के बाद साहिल वहां से भागा नहीं, बल्कि उसने कॉल पर मौजूद मंगेतर को इस हत्या की जानकारी दी। उसने फोन पर सिर्फ इतना कहा, वैशू इज फिनिश्चड और घटनास्थल से फरार हो गया। मामले की भनक लगते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और कातिल की तलाश में जुट गई। कुछ ही देर बाद पुलिस को घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर की दूरी पर आरोपी साहिल का शव भी फांसी के फंदे से झूलता हुआ मिल गया। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि लडक़ी साहिल के गुस्सैल स्वभाव से वाकिफ थी, इसलिए उसने अपनी शादी की बात उससे छिपाई थी। पुलिस अब इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि आखिर साहिल को इस सगाई की भनक किसने दी थी।








