मध्य प्रदेश के 44 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, डिंडौरी-उमरिया में भारी वर्षा की संभावना

Join Us

भोपाल,(ए.) । मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकडऩे जा रहा है। आज शनिवार को भोपाल और इंदौर समेत प्रदेश के 44 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें डिंडौरी और उमरिया में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।मौसम विभाग के अनुसार, 19 जुलाई से पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से प्रदेश में लगातार तेज बारिश का सिलसिला शुरू होने के आसार हैं। बीते शुक्रवार को करीब नौ दिन बाद उमरिया, डिंडौरी, बालाघाट सहित कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। राजधानी भोपाल में भी दिनभर रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में सक्रिय लो प्रेशर एरिया और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण प्रदेश में बारिश का माहौल बना हुआ है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बना लो प्रेशर एरिया आगे बढ़ रहा है। इसके साथ सक्रिय ट्रफ के जरिए लगातार नमी मिल रही है। जैसे-जैसे यह सिस्टम मजबूत होगा, प्रदेश में बारिश की तीव्रता भी बढ़ती जाएगी। शनिवार से सक्रिय होने वाले नए सिस्टम के कारण अगले चार दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान डिंडौरी और उमरिया में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

Previous articleसोनम वांगचुक को हटाना गलत, छात्रों की आवाज नहीं दबाई जा सकती : राहुल गांधी
Next articleअब इम्तहान राज्य एवं केंद्र सरकारों का