अहमदाबाद (आरएनएस)। गुजरात के कच्छ जिले में गुरुवार को तीन मिनट के अंतराल पर दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए. भूकंप का केंद्र कच्छ जिले में धोलावीरा से 32 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में स्थित था.रिक्टर पैमाने पर पहले आए भूकंप की तीव्रता 3.6 दर्ज की गई जबकि दूसरा झटका 3.2 की तीव्रता का रहा. हालांकि दोनों भूकंप की तीव्रता अधिक नहीं थी लेकिन लोगों ने कंपन को महसूस किया.पहला भूकंप दोपहर 2:20 बजे दर्ज किया गया. इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.6 मापी गई. भूकंप का केंद्र खावड़ा से लगभग 32 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था. झटके हल्के थे, लेकिन कई इलाकों में लोगों ने कंपन महसूस किया. कुछ लोग एहतियात के तौर पर घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए।
पहले झटके के ठीक तीन मिनट बाद, 2:23 बजे दूसरा भूकंप आया. इसकी तीव्रता 3.2 दर्ज की गई. इस बार भूकंप का केंद्र धोलावीरा से करीब 32 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर में था. लगातार दो झटके आने से स्थानीय लोगों में चिंता जरूर बढ़ी, लेकिन प्रशासन के अनुसार स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है.
प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने बताया कि दोनों भूकंपों के बाद किसी भवन के क्षतिग्रस्त होने या किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं मिली है. राहत एवं बचाव दलों को सतर्क रखा गया है और प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए रखी जा रही है.
विशेषज्ञों का कहना है कि हल्की तीव्रता के भूकंप सामान्य तौर पर बड़े नुकसान का कारण नहीं बनते, लेकिन ऐसे क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखना हमेशा जरूरी होता है.








