नई दिल्ली(आरएनएस)। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव तथा होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों को देखते हुए भारत सरकार ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा के लिए बड़ा निर्णय लिया है। समुद्री प्रशासन महानिदेशालय (डीजीएमए) ने जहाज मालिकों, जहाज प्रबंधकों तथा भर्ती एवं नियुक्ति सेवा लाइसेंसधारी कंपनियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अगले आदेश तक होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरने वाले जहाजों पर भारतीय नाविकों की तैनाती न की जाए।
डीजीएमए ने अपने निर्देश में कहा है कि खाड़ी क्षेत्र में तेजी से बिगड़ती सुरक्षा स्थिति को देखते हुए यह निर्णय भारतीय नाविकों के जीवन, सुरक्षा और कल्याण को ध्यान में रखकर लिया गया है। निदेशालय ने सभी संबंधित कंपनियों से निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा है।








