दिल्ली के अमन विहार में सडक़ हादसा, डंपर ने महिला को बेरहमी से कुचला, मौत

Join Us

राजधानी दिल्ली में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. बाहरी दिल्ली के अमन विहार थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार लोड डंपर ने महिला को इतनी बेरहमी से कुचल दिया कि उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. दुर्घटना के बाद आरोपी चालक डंपर छोडक़र मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह दर्दनाक हादसा दिल्ली के बुध विहार-कंझावला रोड पर हुआ, जहां तेज रफ्तार लोड डंपर की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई.मृतका की पहचान रोहिणी निवासी प्रियंका के रूप में हुई है. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था.अमन विहार थाना पुलिस को शव को सडक़ से हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.पुलिस ने बेहद सावधानी के साथ शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा. घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. हादसे के कारण कुछ समय के लिए सडक़ पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस ने शव हटवाकर ट्रैफिक को दोबारा सुचारु रूप से चालू कराया. पुलिस ने हादसे में शामिल लोड डंपर को कब्जे में ले लिया है.वहीं, आरोपी चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है. घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी ने बताया वो सडक़ से गुजर रहे थे तभी देखा काफी भीड़ लगी हुई थी देखा तो महिला डंपर के नीचे मरी पड़ी थी, तब मैंने पुलिस को सूचना दी.
दिल्ली में लगातार बढ़ रहे सडक़ हादसे एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर रहे हैं. अमन विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार डंपर चालक की तलाश तेज कर दी है.पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Previous articleआईएमडी का पूर्वानुमान, 22 जुलाई तक देश के कई राज्यों में भारी से अति भारी बारिश के आसार
Next articleखुलते ही शेयर बाजार में आई तेजी; सेंसेक्स 185 अंक उछला, निफ्टी भी मजबूत