आवारा कुत्तों ने डेढ़ साल की बच्ची को घसीटा और बुरी तरह नोंचा, मौके पर ही मौत

Join Us

देश में आवारा कुत्तों के हमलों में बच्चों की मौत की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. ताजा घटना कर्नाटक के रायचूर जिले की है. बुधवार को सिंधनूर तालुक के हंचिनाला कैंप में आवारा कुत्तों के हमले में डेढ़ साल की एक बच्ची की मौत हो गई.
पुलिस के मुताबिक, विजयनगर जिले के होसपेटे के रहने वाले राजा कसाब की बेटी अनम (1.5 साल) बुधवार सुबह जब नींद से जागकर घर से बाहर निकली तो छह-सात आवारा कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया, उसे घसीटा और अंधाधुंध काट लिया. इससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के संबंध में सिंधनूर ग्रामीण पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है.
माता-पिता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया, 15 जुलाई को सुबह 3 से 6 बजे के बीच जब बच्ची पालने से बाहर निकली, तो आवारा कुत्तों ने उसके पूरे शरीर पर काट लिया और गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई. बच्ची के चेहरे, हाथ, पैर और पेट पर गंभीर चोटें आईं.
इस दुखद घटना से बच्ची के माता-पिता दुखी हैं. गांव के लोग भी इस घटना से डरे-सहमे हैं. इससे पहले भी, जिले में बच्चों और लोगों पर आवारा कुत्तों के हमले की कई खबरें आई हैं, जिससे मौतें भी हुई हैं. हालांकि, आवारा कुत्तों को नियंत्रित करने के लिए कोई सख्त कदम नहीं उठाया जा रहा है. लोगों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारी तुरंत सही कदम उठाएं ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.

Previous articleनीट-यूजी पेपर लीक में खुलासा; लातूर कोचिंग संचालक ने खरीदा प्रश्न-पत्र, 136 में 111 सवाल मिले
Next article9वीं क्लास के स्टूडेंट्स पर नई भाषा का बोझ न डालें