ई20 पेट्रोल के खिलाफ केजरीवाल ने शुरू किया ऑनलाइन सिग्नेचर कैंपेन, पीएम मोदी को भी लिखा पत्र

Join Us

नई दिल्ली,(आरएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ई20 पेट्रोल के मुद्दे पर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर देशभर में ई20 पेट्रोल को लेकर उठ रही शिकायतों का हवाला देते हुए दो प्रमुख मांगें रखी हैं.
केजरीवाल ने हर पेट्रोल पंप पर शुद्ध पेट्रोल और ई20 पेट्रोल दोनों का विकल्प उपलब्ध कराने तथा कम माइलेज मिलने के कारण ई20 की कीमत सामान्य पेट्रोल से कम रखने की मांग की है. साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात का समय भी मांगा है. प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केजरीवाल ने यह भी घोषणा की कि वह गुरुवार शाम 5 बजे जंतर-मंतर पहुंचकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के पेपर लीक विरोधी आंदोलन को समर्थन देंगे और अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक से मुलाकात करेंगे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ई20 पेट्रोल को लेकर देशभर के लोगों में नाराजगी है. उन्होंने कहा कि लोग लगातार शिकायत कर रहे है कि ई20 पेट्रोल से गाडिय़ों की माइलेज कम हो रहा है और कई वाहनों के इंजन और अन्य पार्ट्स पर भी इसका असर पड़ रहा है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार का दायित्व है कि वह जनता की आवाज सुने. केजरीवाल ने बताया कि इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है. पत्र में उन्होंने आम लोगों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा है कि सरकार को इस मुद्दे पर तुरंत ध्यान देना चाहिए और जनता के हित में फैसला लेना चाहिए.
आप प्रमुख ने बताया कि उन्होंने पत्र में प्रधानमंत्री से मुलाकात का समय भी मांगा है. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों में पेट्रोल पंपों और सर्विस स्टेशनों पर जाकर लोगों से मिला हूं और वाहन मालिकों की समस्याओं को करीब से सुना है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को यह बताना चाहते हैं कि आम लोग इस मुद्दे पर क्या महसूस कर रहे हैं और ई20 पेट्रोल से जुड़े कौन-कौन से तकनीकी सवाल सामने आ रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रधानमंत्री उन्हें जल्द मिलने का समय देंगे.
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि आम आदमी पार्टी ने ई20 पेट्रोल के मुद्दे पर देशव्यापी ऑनलाइन पिटीशन शुरू की है. यह पिटीशन प्रधानमंत्री के नाम है और इसमें लोग अपने हस्ताक्षर करने के साथ-साथ अपने अनुभव भी साझा कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि यदि किसी वाहन की माइलेज पहले से कम हो गई है या ई20 के कारण किसी तरह की तकनीकी समस्या आई है तो लोग उसका जिक्र पिटीशन में कर सकते हैं.
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुडऩे की अपील की. केजरीवाल ने कहा कि जब भी प्रधानमंत्री से मुलाकात होगी, तब वह देशभर से मिले सभी हस्ताक्षरों और लोगों के अनुभवों का संकलन उन्हें सौंपेंगे, जिससे सरकार जनता की वास्तविक समस्याओं को समझ सके.

Previous articleभारत ने होर्मुज में जहाजों पर हुए हमलों की निंदा की, ईरानी राजनयिक को तलब किया
Next articleरथयात्रा से पहले गुजरात को दहलाने की साजिश? एटीएस ने 5 संदिग्धों को किया गिरफ्तार; जैश से जुड़े होने का शक