नंदुरबार ,(आरएनएस)। महाराष्ट्र के नंदुरबार जिले से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। शहादा स्थित समाज कल्याण विभाग (सोशल वेलफेयर) के हॉस्टल में खाना खाने के बाद 40 छात्रों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में 25 छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें आईसीयू (ढ्ढष्ट) में रखा गया है। इस घटना के बाद से प्रशासन और परिजनों में हडक़ंप मच गया है।
डीएम ने लिया जायजा, 5 छात्र आईसीयू में भर्ती
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी (डीएम) मिताली सेठी ने शनिवार को शहादा अस्पताल का दौरा किया और बीमार छात्रों की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने बताया कि पीडि़त बच्चों में फूड पॉइजनिंग और गैस्ट्राइटिस के गंभीर लक्षण पाए गए हैं। डीएम के मुताबिक, 20 छात्रों का इलाज शहादा के रूरल हॉस्पिटल में चल रहा है, जबकि ऑक्सीजन और ब्लड प्रेशर की समस्या से जूझ रहे 5 छात्रों को आईसीयू में भर्ती करना पड़ा है। हालांकि, राहत की बात यह है कि फिलहाल सभी 25 बच्चे सुरक्षित हैं और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।
लैब रिपोर्ट का इंतजार, परिजनों के लिए खास इंतजाम
अस्पताल में इलाज करा रहे ज्यादातर छात्रों की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है और कुछ समय तक निगरानी में रखने के बाद उन्हें जल्द ही छुट्टी दे दी जाएगी। प्रशासन की ओर से बच्चों के माता-पिता के रहने और खाने-पीने का पुख्ता इंतजाम किया जा रहा है ताकि उन्हें किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बीमारी की असल वजह का पता लगाने के लिए परोसे गए खाने और बच्चों की उल्टी के सैंपल लैब में जांच के लिए भेज दिए गए हैं।
दोषियों पर गिरेगी गाज, हर 15 दिन में होगी समीक्षा
जिला प्रशासन इस लापरवाही को लेकर बेहद सख्त कार्रवाई के मूड में है। लैब रिपोर्ट आने के बाद सीधे तौर पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। हेडमास्टर, समाज कल्याण अधिकारी और हॉस्टल वार्डन की भूमिका की जांच की जा रही है और जो भी इस मामले में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। मौके पर पुलिस की टीम भी मुस्तैद है जो परिजनों की चिंताओं को दूर करने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रही है। डीएम ने आश्वासन दिया है कि सिस्टम की कमियों को दूर करने के लिए जिला फंड से अतिरिक्त बजट दिया जाएगा और जब तक व्यवस्था पूरी तरह से सुधर नहीं जाती, वह खुद हर 15 दिन में हॉस्टल की कार्यप्रणाली की समीक्षा करेंगी।








