अहमदाबाद ,11 जुलाई ,(आरएनएस)। गुजरात के जूनागढ़ जिले में मजेवड़ी गांव के पास फोर-लेन हाईवे पर खड़े एक ट्रक से तेज रफ्तार अर्टिगा कार की भीषण टक्कर हो गई। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कार में सवार एक बच्चा चमत्कारिक रूप से सुरक्षित बच गया।
जानकारी के अनुसार, बनासकांठा जिले का एक परिवार अर्टिगा कार से सोमनाथ अस्थि विसर्जन के लिए जा रहा था। जब उनकी कार मजेवड़ी गांव के पास पहुंची, तभी हाईवे पर खराब होकर खड़े एक ट्रक से जा टकराई। बताया जा रहा है कि चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार तेज रफ्तार में ट्रक के पिछले हिस्से में घुस गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। दोनों का आईसीयू में इलाज चल रहा है। इस भीषण दुर्घटना के बावजूद कार में सवार एक बच्चा पूरी तरह सुरक्षित बच गया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस तथा 108 एम्बुलेंस की टीम भी मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा।
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद बनासकांठा जिले और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।








