आसमानी आफत से दिल्ली से केरल तक हाहाकार, मुंबई में उफनीं झीलें, गुजरात में 39 ट्रेनें रद्द; हिमाचल का भी बुरा हाल

Join Us

भारत में भीषण गर्मी से राहत लेकर आया मॉनसून अब देशभर में भयंकर विनाश का कारण बनता जा रहा है। राजधानी दिल्ली से लेकर केरल और महाराष्ट्र तक लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। कुदरत के इस रौद्र रूप से सडक़ से लेकर रेल और हवाई संपर्क तक पर गहरा असर पड़ा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग  ने दिल्ली समेत देश के कई राज्यों के लिए भारी बारिश का ‘रेड’ और ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है, जिससे स्पष्ट है कि आने वाले कुछ दिनों तक आम जनता को इस आसमानी आफत से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं।
महाराष्ट्र और गुजरात में बाढ़ जैसे हालात, दर्जनों ट्रेनें रद्द और प्रभावित
महाराष्ट्र और गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात को बेहद चिंताजनक बना दिया है। मुंबई में भारी जलभराव के कारण सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे की लोकल ट्रेनें 25 से 30 मिनट की देरी से चल रही हैं, जबकि लंबी दूरी की ट्रेनों पर भी इसका भारी असर पड़ा है। खराब हालात को देखते हुए गुजरात जाने वाली 39 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, 21 ट्रेनों को बीच रास्ते में ही समाप्त करना पड़ा और 46 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। भोर घाट क्षेत्र में हुए भूस्खलन के बाद मुंबई-पुणे मार्ग पर रेल सेवा अभी भी प्रभावित है। वहीं, सूरत में 358 मिमी की रिकॉर्ड बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जहां से 3,800 से अधिक लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
मुंबई में ओवरफ्लो हुईं झीलें, टॉर्च की रोशनी में पटरियों पर चले यात्री
लगातार हो रही झमाझम बारिश के चलते मुंबई को पेयजल उपलब्ध कराने वाली सात प्रमुख झीलों में से तुलसी और विहार झीलें मंगलवार देर रात ओवरफ्लो हो गई हैं। बारिश के कारण उपनगरीय रेल सेवाएं बाधित होने से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा गया कि वसई रोड से आगे ट्रेनें बंद होने के बाद यात्रियों को आधी रात मोबाइल फोन की टॉर्च जलाकर जलमग्न पटरियों पर पैदल चलने के लिए मजबूर होना पड़ा। उधर, पालघर जिले के बाढग़्रस्त हनुमानपाड़ा गांव में सडक़ें डूबने से एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी, जिसके बाद ग्रामीणों ने घर के दरवाजे को ही स्ट्रेचर बनाकर प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला को सीने तक भरे पानी से सुरक्षित बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया।
पुणे में 3 मंजिला इमारत पर गिरा कचरे का पहाड़, वायनाड में भूस्खलन से तबाही
महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ में भारी बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया, जहां कचरे का एक विशाल ढेर तीन मंजिला इमारत पर गिर गया। इस हादसे में इमारत ढहने से 16 लोग मलबे में दब गए, जिनमें से सात लोगों को बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। वहीं, केरल के वायनाड में सुरंग निर्माण स्थल पर हुए भयानक भूस्खलन के बाद लापता पांच श्रमिकों की तलाश दूसरे दिन भी जारी रही। हादसे में जान गंवाने वाले तीन श्रमिकों के शव रिकवर कर लिए गए हैं, जिन्हें विमान के जरिए उनके गृह राज्यों तक भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
दिल्ली-हृष्टक्र में जलभराव से रेंगने लगे वाहन, राजस्थान और हिमाचल का भी बुरा हाल
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मूसलाधार बारिश के बाद सदर बाजार, ग्रेटर कैलाश, बदरपुर, स्वरूप नगर और कुशक रोड सहित कई प्रमुख इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। सडक़ों पर घुटनों तक पानी भरने से धौला कुआं, महिपालपुर, रजोकरी और गुरुग्राम के प्रमुख मार्गों पर भीषण जाम लग गया और यातायात धीमी गति से रेंगने लगा। उधर, राजस्थान के कोटा, अलवर और चित्तौडग़ढ़ में भारी बारिश से बाजार डूब गए हैं और रामगंजमंडी में 10 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर में अचानक आई बाढ़ (फ्लैश फ्लड) से गानवी खड्ड नाले पर बना अस्थायी पुल टूट गया है, जिससे कई इलाकों का सडक़ संपर्क पूरी तरह कट गया है।
गृह मंत्री अमित शाह ने संभाला मोर्चा
देशभर में मॉनसून से बिगड़े हालातों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने बुधवार को केरल, महाराष्ट्र, गुजरात और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बात कर बाढ़ और बारिश की स्थिति की गहन समीक्षा की। गृह मंत्री ने वायनाड भूस्खलन और अन्य हादसों पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सभी प्रभावित राज्यों को केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव आपदा राहत और आर्थिक सहायता मुहैया कराने का पूर्ण आश्वासन दिया है।

Previous articleगर्ल्स हॉस्टल में जहरीले सांप का कहर, रात में सोते समय 4 छात्राओं को डसा; 13 साल की मासूम की मौत, 3 गंभीर
Next articleशेयर बाजार में तूफानी वापसी, निवेशकों ने कुछ ही घंटों में कमा लिए 5.5 लाख करोड़ रुपए