मुंबई, (आरएनएस)। मुंबई में मानसून ने हाहाकार मचा दिया है। बीती रात से जारी भारी बारिश के चलते लगभग पूरे शहर में सडक़ें जलमग्म हो गई हैं, जिसके चलते जगह-जगह जाम की खबरे हैं। वहीं, पटरियों पर पानी भरने से मुंबई लोकल ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। लोकल ट्रेनें 15 मिनट तक देरी से चल रही हैं। मुंबई हवाई अड्डे पर कम से कम 4 उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं।
बृहन्मुंबई नगर पालिका (बीएमसी) ने मुंबई में सभी स्कूल और कॉलेज को दोपहर के सत्र के लिए बंद करा दिया है। बीएमसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे घर से तभी निकलें जब बहुत जरूरी हो, क्योंकि शहर में अभी भी बारिश हो रही है और सडक़ों पर पानी भरा है। आईएमडी ने दोपहर 1 बजे से 3 घंटों के लिए मुंबई, ठाणे और पुणे के घाट इलाकों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
मुंबई हवाई अड्डे पर मौसम के चलते उड़ान संचालन प्रभावित हुआ है। सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच 4 उड़ानों को डायवर्ट किया गया है। वहीं, 12-13 विमानों को गो-अराउंड करना पड़ा। इंडिगो ने यात्रियों के लिए सलाह जारी की है। इसमें चेतावनी दी गई है कि खराब मौसम की स्थिति उड़ानों के शेड्यूल को प्रभावित कर रही है, इसलिए यात्री उड़ानों की स्थिति चेक करते रहें।
बारिश के चलते दहिसर ईस्ट और अंधेरी वेस्ट के बीच चलने वाली मेट्रो लाइन में भी तकनीकी खराबी आ गई है। बताया जा रहा है कि दहिसर ईस्ट और कंदरपाड़ा स्टेशनों के बीच कुछ तकनीकी खराबी आई है। महा मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने पुष्टि की कि इस दौरान मेट्रो सेवाएं लगभग 90 मिनट तक रुकी रही। इस दौरान हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।
अंधेरी सबवे में पानी भरने के बाद इसे बंद कर दिया गया है। भांडुप में भारी बारिश के कारण एक निर्माण स्थल ढह गया है। नवी मुंबई में सब्जी मंडी के गेट पर पानी भर गया है। दादर में मीनाताई ठाकरे बाजार में एक पेड़ गिर गया।








