फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 के पहले मुकाबले में मोरक्को की भिड़ंत शनिवार को कनाडा से होगी। इस अहम मैच से पहले मोरक्को के हेड कोच मोहम्मद ओआहबी ने अपनी टीम को चेतावनी दी है कि नॉकआउट चरण में किसी भी गलती की गुंजाइश नहीं है। उन्होंने कहा कि कनाडा जैसी मजबूत टीम के खिलाफ जीतने के लिए मोरक्को को अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा।
ओआहबी ने कहा कि यह मुकाबला बेहद कठिन होने वाला है और इसमें एक छोटी सी गलती भी टूर्नामेंट से बाहर कर सकती है। उन्होंने कहा, अगर हम अपने स्तर पर नहीं खेले तो हम घर लौट जाएंगे। मोरक्को ने ग्रुप चरण में पांच बार की चैंपियन ब्राजील के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलकर सभी को प्रभावित किया था। इसके बाद राउंड ऑफ 32 में मोरक्को ने नीदरलैंड्स जैसी मजबूत टीम को पेनल्टी शूटआउट में 3-2 से हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई।
कोच ने बताया कि टीम के सभी खिलाड़ी पूरी तरह फिट हैं और मुकाबले के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, सभी खिलाड़ी ठीक हैं और जो भी मैदान में उतरेंगे, वे 100 प्रतिशत तैयार होंगे। टीम के स्टार खिलाड़ी ब्राहिम डियाज के प्रदर्शन को लेकर हो रही आलोचना पर भी कोच ने प्रतिक्रिया दी। ओआहबी ने कहा कि एलीट खिलाडिय़ों से हमेशा ज्यादा उम्मीद की जाती है। उन्होंने कहा कि डियाज भले ही अपने पिछले टूर्नामेंट जैसे प्रदर्शन तक नहीं पहुंचे हों, लेकिन वे टीम के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा, मैं खिलाडिय़ों को सिर्फ गोल या असिस्ट से नहीं आंकता। डियाज डिफेंस में भी योगदान दे रहे हैं और टीम के लिए काम कर रहे हैं। कोच ने उम्मीद जताई कि आने वाले मैचों में वे गोल भी करेंगे।
मोरक्को और कनाडा के बीच अब तक चार मुकाबले खेले गए हैं, और मोरक्को को एक भी हार नहीं मिली है। 2022 वर्ल्ड कप में दोनों टीमें ग्रुप स्टेज में आमने-सामने हुई थीं, जहां मोरक्को ने 2-1 से जीत दर्ज की थी। कोच ओआहबी ने कनाडा की टीम की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि कनाडा बहुत संगठित और अनुशासित टीम है। उनके खिलाडिय़ों को पता है कि गेंद के साथ क्या करना है और वे मैदान पर बहुत ध्यान से खेलते हैं।
ओआहबी ने मोरक्को टीम की तारीफ करते हुए कहा, हमारे खिलाडिय़ों को बॉल रखना पसंद है, लेकिन वे यह भी जानते हैं कि लंबे समय तक कैसे दौडऩा है। हम ऐसे खिलाड़ी चाहते थे जिनमें स्पीड और तकनीकी क्वालिटी दोनों हों, और अच्छी बात यह है कि हमारे पास कई ऐसे खिलाड़ी हैं जिनमें ये दोनों चीजें हैं।
मोरक्को ने पिछले वर्ल्ड कप में इतिहास रचा था, जब टीम सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली अफ्रीकी टीम बनी थी। अब टीम का लक्ष्य लगातार दूसरी बार क्वार्टर फाइनल में जगह बनाना होगा। अगर मोरक्को कनाडा को हरा देता है, तो वह एक से अधिक बार वर्ल्ड कप के अंतिम आठ में पहुंचने वाली पहली अफ्रीकी टीम बन जाएगी।








