बजाज होल्डिंग्स देगी प्रति शेयर 130 रुपये का लाभांश, रिकॉर्ड तिथि 30 जून

Join Us

बजाज समूह की प्रमुख निवेश कंपनी बजाज होल्डिंग्स एंड इन्वेस्टमेंट लिमिटेड ने अपने शेयरधारकों को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रति शेयर 130 रुपये का आकर्षक लाभांश (डिविडेंड) देने की घोषणा की है। इसमें 80 रुपये प्रति शेयर अंतिम लाभांश तथा 50 रुपये प्रति शेयर विशेष लाभांश शामिल है। कंपनी के इस निर्णय से निवेशकों को उल्लेखनीय लाभ मिलने की उम्मीद है।
कंपनी ने मार्च तिमाही और पूरे वित्त वर्ष के वित्तीय परिणामों के साथ इस लाभांश की घोषणा की थी। यह राशि कंपनी के शेयर के अंकित मूल्य (फेस वैल्यू) का 1,300 प्रतिशत है, जो इसे हाल के समय के सबसे आकर्षक लाभांशों में शामिल करती है।
30 जून है रिकॉर्ड तिथि
कंपनी ने लाभांश के लिए 30 जून 2026 को रिकॉर्ड तिथि निर्धारित की है। इस तिथि तक जिन निवेशकों के डीमैट खाते में कंपनी के शेयर दर्ज होंगे, वही इस लाभांश के पात्र होंगे।
लाभांश को अंतिम मंजूरी देने के लिए कंपनी की 81वीं वार्षिक आम बैठक 31 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। शेयरधारकों की स्वीकृति मिलने के बाद लाभांश की राशि 5 अगस्त 2026 तक या उससे पहले पात्र निवेशकों के बैंक खातों में भेज दी जाएगी।
पूरे वर्ष में 195 रुपये प्रति शेयर का लाभ
यह वित्त वर्ष निवेशकों के लिए पहले से ही लाभदायक रहा है। कंपनी इससे पहले 65 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम लाभांश दे चुकी है। अब 130 रुपये के अंतिम और विशेष लाभांश को जोडऩे पर पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का कुल लाभांश 195 रुपये प्रति शेयर हो जाएगा।
मुनाफे में 49 प्रतिशत की बढ़ोतरी
कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन पर नजर डालें तो परिचालन आय में कमी आने के बावजूद शुद्ध लाभ में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
मार्च 2026 को समाप्त वित्त वर्ष में कंपनी का शुद्ध लाभ 49 प्रतिशत बढक़र 2,575 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 1,726 करोड़ रुपये था।
हालांकि इस दौरान कंपनी की परिचालन आय 58 प्रतिशत घटकर 61 करोड़ रुपये रह गई, जो पिछले वित्त वर्ष में 145 करोड़ रुपये थी।
निवेशकों को लगातार दे रही है बेहतर प्रतिफल
बजाज होल्डिंग्स का अपने शेयरधारकों को नियमित रूप से आकर्षक लाभांश देने का लंबा इतिहास रहा है। वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी ने 65 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम और 28 रुपये प्रति शेयर का अंतिम लाभांश दिया था।
इसी प्रकार वित्त वर्ष 2023-24 में निवेशकों को कुल 123 रुपये प्रति शेयर का लाभांश मिला था, जिसमें 110 रुपये का अंतरिम तथा 13 रुपये का अंतिम लाभांश शामिल था।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि मजबूत लाभांश नीति और बेहतर लाभप्रदता के कारण बजाज होल्डिंग्स लंबे समय से लाभांश आधारित निवेश करने वाले निवेशकों की पसंदीदा कंपनियों में शामिल रही है।

Previous articleगर्मी का बदला मिजाज, बाजार की बदली तस्वीर: महंगे एसी की मांग घटी, शीतल पेय और आइसक्रीम की बिक्री में उछाल
Next articleसिनेमाघरों में धुरंधर: द रिवेंज के 100 दिन पूरे, मेकर्स ने हौसला ईंधन बदला के साथ मनाया जश्न