सोनोस ने फिर की छंटनी, 3 प्रतिशत कर्मचारियों की गई नौकरी

Join Us

प्रीमियम ऑडियो कंपनी सोनोस ने एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी की है। रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने अपने कुल वर्कफोर्स में करीब 3 प्रतिशत की कटौती करने का फैसला लिया है। यह कदम कंपनी की रीस्ट्रक्चरिंग योजना का हिस्सा है। सोनोस का कहना है कि संगठन को सरल बनाकर काम की रफ्तार बढ़ाने और नए प्रोडक्ट तेजी से तैयार करने के लिए यह फैसला लिया गया है। इस छंटनी का सबसे ज्यादा असर यूजर एक्सपीरियंस, प्रोडक्ट और डिजाइन टीमों पर पड़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक, कई लीडरशिप पद भी इस फैसले से प्रभावित हुए हैं। इससे पहले अप्रैल में कंपनी ने मार्केटिंग विभाग में भी कई पद खत्म किए थे। सोनोस का कहना है कि अब कम मैनेजमेंट लेयर के साथ टीमें ज्यादा स्वतंत्र होकर काम करेंगी और फैसले भी पहले से तेज गति से लिए जाएंगे।
सोनोस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉम कॉनराड ने कर्मचारियों को भेजे संदेश में कहा कि कंपनी को तेजी से बदलते बाजार के हिसाब से ज्यादा चुस्त बनाना जरूरी है। उनका कहना है कि लंबे समय तक बैठकों में समय बिताने के बजाय तेजी से फैसले लेने और नए प्रोटोटाइप तैयार करने पर जोर दिया जाएगा। कंपनी का मानना है कि नई संरचना से प्रोडक्ट डेवलपमेंट तेज होगा और ग्राहकों तक बेहतर सेवाएं जल्दी पहुंच सकेंगी।
सोनोस पिछले साल अपने नए मोबाइल ऐप को लेकर आलोचना का सामना कर चुकी है। ऐप में कई बग और जरूरी फीचर नहीं होने से ग्राहकों की नाराजगी बढ़ी थी। अब कंपनी नए ऐप अपडेट की टेस्टिंग कर रही है, जिसमें बेहतर नेविगेशन और दूसरे सुधार शामिल हैं। साथ ही, पूरी टेक इंडस्ट्री में एआई पर बढ़ते निवेश और लागत घटाने के लिए कई कंपनियां कर्मचारियों की संख्या कम कर रही हैं।

Previous articleबेन स्टोक्स 250 विकेट और 7,000 रन का डबल पूरा करने वाले सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बने
Next articleअमेजन, गूगल और माइक्रोसॉफ्ट भारत में एआई के लिए कर रहीं 5,400 अरब रुपये निवेश