बिहार के बेतिया से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक मां पर अपनी ही छह माह की मासूम बेटी की हत्या करने का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि बच्ची के लगातार रोने से परेशान होकर महिला ने खौफनाक कदम उठा लिया. वारदात के बाद महिला ने खुद भी आत्महत्या करने की कोशिश की.
मामला पश्चिम चंपारण जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के बडक़ा गांव का है. यहां गुरुवार की रात हुई दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. मृत बच्ची की पहचान सुनील दास की छह माह की बेटी पूजा कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. एक मां द्वारा अपनी ही छह माह की मासूम बेटी की हत्या की इस घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है.
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब आठ बजे छह माह की मासूम लगातार रो रही थी. मां उसे शांत कराने की कोशिश कर रही थी, लेकिन बच्ची के नहीं चुप होने पर अचानक सीमा देवी ने घर में रखे सब्जी काटने वाले हसुआ को उठा लिया. आरोप है कि गुस्से में आकर महिला ने हसुआ से मासूम बच्ची का गला काट दिया. इसके बाद उसने खुद के गले पर भी वार कर आत्महत्या करने की कोशिश की.
बच्ची के पिता सुनील दास रोजगार के सिलसिले में चंडीगढ़ में मजदूरी करते हैं. घर पर बच्ची अपनी मां सीमा देवी और दादी सरस्वती देवी के साथ रहती थी. घटना के दौरान बच्ची की दादी सरस्वती देवी को कमरे से चीख-पुकार की आवाज सुनाई दी. जब वह कमरे में पहुंचीं तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. जमीन पर छह माह की मासूम खून से लथपथ पड़ी थी, जबकि बहू खुद को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही थी.
दादी ने किसी तरह महिला के हाथ से हसुआ छीना और शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही गोपालपुर थानाध्यक्ष अंकित कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया. वहीं घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. महिला के गले पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान टांके लगाए हैं.
शुक्रवार सुबह बच्ची की दादी सरस्वती देवी के आवेदन पर गोपालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किए गए हसुआ को भी बरामद कर लिया है. पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है. शुरुआती जांच में महिला की मानसिक स्थिति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.








