क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने रचा इतिहास, 6 फीफा विश्व कप में गोल दागने वाले पहले खिलाड़ी बने

Join Us

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने फीफा विश्व कप 2026 में ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। 41 वर्षीय पुर्तगाली स्टार विश्व कप के 6 अलग-अलग संस्करणों में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने उज्बेकिस्तान के खिलाफ ग्रुप-के मुकाबले में यह कारनामा किया। रोनाल्डो ने मैच के छठे और 39वें मिनट में गोल दागकर इतिहास रचा और अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। पुर्तगाल के पहले मैच में रोनाल्डो कोई गोल नहीं कर पाए थे।
रोनाल्डो ने 2006 विश्व कप में 21 साल की उम्र में डेब्यू किया था और तब से फुटबॉल के बड़े मंच पर लगातार अपनी छाप छोड़ते आए हैं। उन्होंने अपने पहले विश्व कप में पुर्तगाल के सेमीफाइनल तक पहुंचने के अभियान के दौरान पहला गोल दागा था। इसके बाद 2010 और 2014 विश्व कप में भी एक-एक गोल किया। 2018 विश्व कप उनके लिए सबसे यादगार रहा, जहां उन्होंने 4 गोल किए। 2022 में भी उन्होंने एक गोल दागा था।
रोनाल्डो (41 साल 138 दिन) 40 वर्ष की उम्र पार करने के बाद विश्व कप में गोल करने वाले केवल दूसरे खिलाड़ी बने हैं। उनसे पहले यह उपलब्धि कैमरून के रोजर मिला ने 1994 विश्व कप में हासिल की थी। रोनाल्डो पुर्तगाल के लिए विश्व कप में सबसे युवा और सबसे उम्रदराज गोल करने वाले खिलाड़ी भी हैं। डेनमार्क के माइकल लॉड्रप और अर्जेंटीना के लियोनल मेसी ही यह उपलब्धि हासिल करने वाले अन्य फुटबॉलर हैं।
रोनाल्डो ने पुर्तगाल के लिए विश्व कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने अपना विश्व कप गोलों का आंकड़ा 10 तक पहुंचा दिया और महान फुटबॉलर यूसेबियो के 9 गोलों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। यूसेबियो का यह कीर्तिमान करीब 60 वर्षों तक अटूट रहा था। अब रोनाल्डो ने उनका ये बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा है। इस सूची में पाउलेटा 4 गोल के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

Previous articleडोनाल्ड ट्रंप की नजरें अब क्यूबा पर, बोले-हमारे पास कई योजनाएं हैं
Next articleफीफा विश्व कप 2026: घाना ने इंग्लैंड को गोलरहित ड्रॉ पर रोका