कॉमेडी फिल्मों से लोकप्रियता हासिल करने वाले कुणाल खेमू रियलिटी शो अलायंस की मेजबानी करेंगे। यह पहली बार होगा, जब वह शो में प्रतियोगियों की मुश्किलें बढ़ाते और उन्हें आपस में लड़ाते हुए दिखेंगे। कुछ दिन पहले शो का आधिकारिक ऐलान हुआ था और अब इसका धमाकेदार ट्रेलर भी जारी हो गया है। ट्रेलर में शो का विषय (थीम) और आने वाले प्रतियोगियों के चेहरे उजागर किए गए हैं। बता दें, अलायंस 26 जून से अमेजन प्राइम वीडियो पर आएगा।
ट्रेलर में बताया गया है कि शो में 16 प्रतियोगी 2-2 की जोडिय़ों में शामिल होंगे। इसका विषय दोस्ती, गहरी रणनीति और धोखे पर आधारित होगा। मतलब यह कि प्रतियोगियों को खेल में आगे बढऩे के लिए अपने गुट को तोडऩा होगा। रवि किशन अपनी बेटी रीवा किशन के साथ हिस्सा लेंगे। कुशाल टंडन, जैद दरबार, डेज़ी शाह, नीति टेलर और सिवेट तोमर समेत कई सितारे भी इसका हिस्सा हैं। शो के एपिसोड रोजाना दोपहर 12 बजे स्ट्रीम होंगे।
इस शो के बारे में बात करते हुए , कुणाल खेमू ने शेयर किया, एलायंस किसी भी ऐसे रियलिटी शो जैसा नहीं है जिसे मैं जानता हूं। जो बात इसे इतना रोमांचक बनाती है वो ये है कि यह सिर्फ चैलेंजेस जीतने के बारे में नहीं है, बल्कि रिश्तों को निभाने, मुश्किल फैसले लेने और खेल के बदलते ही खुद को उसके हिसाब से ढालने के बारे में है। एक रियलिटी सीरीज को होस्ट करने के मेरे इस पहले अनुभव में, हर दिन सामने आने वाली इस इंटेंसिटी , स्ट्रैटेजी और अनप्रेडिक्टेबिलिटी को देखना बेहद रोमांचक रहा है। इतने महत्वाकांक्षी और इनोवेटिव फॉर्मेट पर प्राइम वीडियो के साथ पार्टनरशिप करना वाकई बहुत खास रहा है। मैं दर्शकों के एलायंस की दुनिया में कदम रखने और भरोसे, ताकत और सर्वाइवल के इस हाई-स्टेक्स खेल का अनुभव करने के लिए बेहद एक्साइटेड हूं, जब इसका प्रीमियर 26 जून को प्राइम वीडियो पर होगा।








