भारतीय क्रिकेट टीम को 26 जून से आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ शुरू होने वाली 2 टी-20 मैचों की सीरीज से पहले बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नितीश रेड्डी चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। इसी तरह उन पर इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली टी-20 और वनडे सीरीज से भी बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है।
बीसीसीआई के सूत्र ने कहा, रेड्डी को अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान बाएं पैर की क्वाड्रिसेप्स (जांघ की मांसपेशी) में चोट लगी थी। शुरुआत में इसे सामान्य समस्या माना गया था, लेकिन एमआरआई रिपोर्ट ने तस्वीर बदल दी। उन्होंने बताया कि मेडिकल जांच में मांसपेशी में सूजन और फाइबर डैमेज सामने आया है, जिसके बाद उन्हें आगे के मूल्यांकन और पुनर्वास के लिए बेंगलुरु में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बुलाया गया है।
बीसीसीआई सूत्र ने बताया कि रेड्डी को ठीक होने में कम से कम 4 सप्ताह का समय लग सकता है। इसके बाद ही वह खेल में वापसी की प्रक्रिया शुरू कर पाएंगे। ऐसे में आयरलैंड सीरीज तो लगभग हाथ से निकल चुकी है, जबकि इंग्लैंड दौरे में उनकी उपलब्धता भी संदेह के घेरे में है। बता दें कि भारतीय टीम 24 जून को आयरलैंड के लिए रवाना होगी। इसके बाद 26 और 28 जून को मैच खेलेगी।
रेड्डी की चोट ऐसे समय आई है जब टीम हार्दिक पांड्या की फिटनेस को लेकर सतर्क है। पांड्या भी क्वाड्रिसेप्स की समस्या से जूझ रहे हैं। वह फिलहाल वनडे में पूरे 10 ओवर फेंकने की स्थिति में नहीं हैं। यही वजह थी कि टीम प्रबंधन रेड्डी को एक ऐसे खिलाड़ी के रूप में देख रहा था जो बल्लेबाजी के साथ तेज गेंदबाजी में भी योगदान दे सके। हालांकि, अब दोनों प्रमुख ऑलराउंडरों की फिटनेस चिंता का विषय बन गई है।
पांड्या और रेड्डी के बाहर होने के बाद सबसे बड़ा संकट उनके प्रतिस्थापन को लेकर खड़ा हुआ था। इसके बाद बीसीसीआई ने आईपीएल और घरेलू क्रिकेट के प्रदर्शन को देखते हुए सूर्यांश शेडगे को रेड्डी की जगह टीम में शामिल किया है। शेडगे ने आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स के लिए 7 मैचों में 39.50 की औसत से 158 रन बनाए हैं। इसमें एक अर्धशतक शामिल है। टी-20 में उन्होंने 30 मैचों में 356 रन बनाए हैं।








