-22 लाख छात्र देंगे परीक्षा, वायुसेना ने पहुंचाए प्रश्न पत्र
नईदिल्ली(आरएनएस)। राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) की दोबारा परीक्षा आज 21 जून को आयोजित की जाएगी। पहली बार में पेपर लीक होने के बाद अब सुरक्षा के भारी इंतजाम किए गए हैं। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) ने उम्मीदवारों और आम जनता के लिए एक पोर्टल लॉन्च किया है, जहां वे परीक्षा से संबंधित संदिग्ध गतिविधियों, फर्जी पेपर लीक के दावों और अन्य घटनाक्रमों को रिपोर्ट कर सकते हैं। आइए दोबारा परीक्षा की तैयारियों के बारे में जानते हैं।
एनटीए ने परीक्षा से पहले आज देशभर में मॉक ड्रिल की। परीक्षा को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए पुलिस, प्रशासन और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैयार की गई। एनटीए ने कहा कि 674 सिटी कोऑर्डिनेटर शहर के स्तर पर देखरेख के लिए तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 6,669 पर्यवेक्षक परीक्षा केंद्रों पर स्वतंत्र रूप से निगरानी के लिए तैनात किए गए हैं। हर परीक्षा केंद्र पर सेंटर सुपरिटेंडेंट और इनविजिलेटर नियुक्त किए गए हैं। आज होने वाली परीक्षा में 22.79 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए भारत के 551 और विदेश के 14 शहरों में 5,000 से ज्यादा परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। एनटीए के मुताबिक, परीक्षा के लिए 2 लाख से अधिक कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पहली बार प्रश्न-पत्रों को पहुंचाने के लिए भारतीय वायु सेना की मदद ली गई है। वायुसेना के विमानों से प्रश्न पत्रों को केंद्रों तक पहुंचाया गया है। एनटीए के अनुसार, एग्जाम दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक पेन-एंड-पेपर मोड में होगी।
परीक्षा की अवधि 15 मिनट बढ़ाई गई है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उम्मीदवार प्रक्रियाओं के कारण संभावित देरी की भरपाई कर सके। पीडब्ल्यूडी और पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी के अभ्यर्थियों को शाम 6:20 बजे तक पेपर देने की अनुमति होगी। प्रश्न पुस्तिका में अब 2 पन्नों के बजाय 4 पन्ने रफ वर्क के लिए दिए गए हैं।पंजाब, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार, ओडिशा, उत्तराखंड और आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों ने नीट उम्मीदवारों के लिए मुफ्त बस यात्रा की घोषणा की है।
छात्र परीक्षा केंद्रों तक आने-जाने के दौरान अपना एडमिट कार्ड दिखाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।








