इंग्लैंड ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 कैंपेन की शुरुआत शानदार जीत के साथ की. उन्होंने गुरुवार (18 जून) को डलास स्टेडियम में ग्रुप एल के मैच में क्रोएशिया को 4-2 से मात दी. उतार-चढ़ाव भरे पहले हाफ में चार गोल हुए. कप्तान केन के दो गोल से इंग्लैंड दो बार आगे हुआ, जबकि क्रोएशिया ने मार्टिन बटुरिना और पेटार मूसा के गोल से बराबरी की. उसके बाद इंग्लैंड टीम ने दूसरे हाफ में शानदार खेल दिखाया और बेलिंगम व रैशफोर्ड के गोल की बदौलत जीत हासिल की.
हैरी केन ने क्रोएशिया के खिलाफ दो गोल करके इंग्लैंड के लिए रिकॉर्ड बुक में एक नया अध्याय लिखा है. केन अब वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा पेनल्टी (शूटआउट को छोडक़र) गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने कुल पांच पेनल्टी गोल किए हैं. इसके अलावा केन इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप गोल (10) करने वाले खिलाड़ी-लिनेकर- के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली.
इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी लिनेकर ने मेक्सिको 1986 में छह गोल करके ‘एडीडास गोल्डन बूट’ जीता था और फिर इटली 1990 में चार गोल किए थे. वहीं केन ने 2018 के वर्ल्ड कप में छह गोल करके ‘गोल्डन बूट’ जीता था. लेकिन उनकी टीम सेमीफाइनल से बाहर हो गया था. उसके बाद केन ने 2022 वर्ल्ड कप में दो गोल किए. इसके अलावा केन इंग्लैंड के लिए अब तक के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी हैं और सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाडिय़ों की लिस्ट में संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं.








