श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज टीम घोषित, अल्जारी और शमर जोसेफ की वापसी

Join Us

क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ आगामी 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। यह सीरीज आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का हिस्सा होगी। टीम में तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ और शमर जोसेफ की वापसी हुई है, जिन्होंने आखिरी बार जुलाई 2025 में टेस्ट क्रिकेट खेला था। रोस्टन चेज को टीम की कमान सौंपी गई है। पहला मुकाबला 25 जून से एंटीगुआ के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेला जाएगा।
सीडब्ल्यूआई ने श्रीलंका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए अपनी सबसे बेहतरीन टीम को चुना है। इसमें बल्लेबाज और गेंदबाजों का अच्छा मिश्रण रखा गया है। सीरीज में तेज गेंदबाजों का दबदबा रहने की उम्मीद है। टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज टीम: रोस्टन चेज (कप्तान), जॉन कैंपबेल, तेजनारायण चंदरपॉल, जोशुआ डिसिल्वा, जस्टिन ग्रीव्स, केवम हॉज, शाई होप, आमिर जांगू, अल्जारी जोसेफ, शमर जोसेफ, ब्रैंडन किंग, एंडरसन फिलिप, केमार रोच, जेडन सील्स और जोमेल वारिकन।
तेज गेंदबाज अल्जारी और शमर के साथ जोशुआ डिसिल्वा और आमिर जांगू को भी टीम में वापस बुलाया गया है। घरेलू क्रिकेट में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद यह फैसला लिया गया है। वेस्टइंडीज के कोच डेरेन सैमी श्रीलंका के खिलाफ आगामी सीरीज को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, “हर टेस्ट सीरीज हमारे लिए एक टीम के रूप में विकसित होने और अपनी पहचान मजबूत करने का अवसर है। हम अच्छा प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे।”
वेस्टइंडीज वर्तमान में 9 टीमों वाली डब्ल्यूटीसी 2025-27 तालिका में सबसे निचले स्थान पर है। उसने अब तक खेले 8 टेस्ट मैचों में से 7 में हार का सामना किया है और एक मैच ड्रॉ रहा है। वेस्टइंडीज का अंक प्रतिशत 4.17 है। बता दें की इस सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच 3 जुलाई से एंटीगुआ के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में ही खेला जाएगा। उससे पहले दोनों टीमों के बीच 5 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज भी खेली जाएगी।

Previous articleईरान-अमेरिका शांति समझौते की दिशा में बड़ा कदम, शुक्रवार से अंतिम समझौते पर शुरू होगी वार्ता : ईरानी विदेश मंत्री
Next articleफीफा विश्व कप 2026: अर्जेंटीना ने अल्जीरिया को 3-0 से हराया, लियोनल मेसी ने बनाई हैट्रिक