महाराष्ट्र के नागपुर में भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी की पत्नी के साथ कथित दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
पुलिस के अनुसार, पीडि़ता की शिकायत के आधार पर अय्याज ताज मादरे और आमीन शेख को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मामले में नामजद एक मौलाना की तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम छापेमारी कर रही है। पीडि़ता के पति भारतीय वायुसेना में अधिकारी हैं और घटना के समय दूसरे शहर में तैनात थे।
शिकायत के मुताबिक, मुख्य आरोपी महिला को वर्धा रोड स्थित एक होटल में ले गया, जहां कथित तौर पर उसे पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया। आरोप है कि महिला के अचेत होने पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और आपत्तिजनक वीडियो एवं तस्वीरें भी बनाई गईं।
पीडि़ता का आरोप है कि बाद में इन्हीं वीडियो और तस्वीरों को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उसका लगातार शोषण किया गया। साथ ही उससे लाखों रुपये की उगाही भी की गई। महिला ने आरोप लगाया कि ब्लैकमेलिंग के जरिए उस पर बार-बार दबाव बनाया जाता रहा।
शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि आरोपियों ने महिला पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव डाला। पुलिस के अनुसार, पीडि़ता ने अपने बयान में कहा है कि उससे कुछ धार्मिक प्रक्रियाएं करवाई गईं और उसे धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने का प्रयास किया गया। मामले से जुड़े कुछ वीडियो भी जांच एजेंसियों के पास पहुंचे हैं, जिनकी सत्यता की जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर पीडि़ता ने अपने पति को पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद सोनगांव पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली, धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








