विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम यात्रा में जून माह के दूसरे सप्ताह से श्रद्धालुओं की संख्या में आई गिरावट से कारोबार पर असर पड़ रहा है।
यात्रा सीजन की शुरुआत से ही मई माह में केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी थी। प्रतिदिन 25 से 30 हजार तक यात्री बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे थे।
इसी को देखते हुए यात्रा व्यवसाय से जुड़े लोगों को उम्मीद थी कि जून माह में भी यात्रियों की संख्या अच्छी बनी रहेगी। हालांकि पिछले एक सप्ताह से यात्रा में अचानक गिरावट दर्ज की गई है। वर्तमान में प्रतिदिन केवल 13 से 14 हजार श्रद्धालु ही केदारनाथ पहुंच रहे हैं।
12 लाख श्रद्धालु कर चुके बाबा केदार के दर्शन
अब तक करीब 12 लाख श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। इसके बावजूद जून माह में यात्रियों की संख्या कम होने से स्थानीय व्यापारियों, होटल संचालकों, दुकानदारों और घोड़ा-खच्चर व्यवसाय से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ गई है








