फीफा वर्ल्ड कप : ब्राजील को झटका, मोरक्को के खिलाफ नहीं खेलेंगे नेमार; पूरे ग्रुप स्टेज में सिलेक्शन के लिए नहीं हो पाएंगे उपलब्ध

Join Us

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में मोरक्को के खिलाफ होने वाले अपने पहले मुकाबले में ब्राजील फुटबॉल टीम स्टार खिलाड़ी नेमार के बिना खेलेगी। टीम के कोच कार्लो एंसेलोटी के अनुसार, पिंडली की चोट से उबर रहे नेमार पूरे ग्रुप स्टेज में शायद सिलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं हो पाएंगे। कतर में हुए फीफा वर्ल्ड कप 2022 में सेमीफाइनल तक का सफर तय करने वाली मोरक्को टीम के खिलाफ मुकाबले से पहले कोच एंसेलोटी ने कहा कि नेमार में सुधार हो रहा है, लेकिन वह अभी वापसी के लिए तैयार नहीं हैं। एंसेलोटी ने कहा, वह जल्द से जल्द फिट होने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि वह अगले हफ्ते पूरी ट्रेनिंग पर लौट पाएंगे।
मोरक्को से पहले मैच में भिडऩे के बाद ब्राजील का ग्रुप एफ में 19 जून को हैती और 24 जून को स्कॉटलैंड से सामना होना है, हालांकि कोच ने किसी भी मैच के लिए नेमार के उपलब्ध होने की गारंटी नहीं दी। 34 साल के सैंटोस स्ट्राइकर शुक्रवार को फिर से ट्रेनिंग से गायब नजर आए। नेमार चोट के कारण पनामा और मिस्र के खिलाफ ब्राजील के वार्म अप मैच भी नहीं खेल पाए थे।
उनकी फिटनेस को लेकर चिंताओं के बावजूद एंसेलोटी ने बताया कि उन्होंने इस अनुभवी खिलाड़ी को अपनी वर्ल्ड कप टीम में क्यों शामिल किया। उन्होंने कहा, वह हमारी टीम के युवा खिलाडिय़ों के लिए एक अच्छा उदाहरण हो सकते हैं। ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी का मानना है कि नेमार सिर्फ अपने खेल से ही नहीं, बल्कि अपने अनुभव और नेतृत्व से भी टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। एंसेलोटी ने कहा कि नेमार का अनुभव टीम को रिकॉर्ड छठा वर्ल्ड कप खिताब जीतने की कोशिश में काफी मदद कर सकता है।
ब्राजील के स्टार खिलाड़ी विनीसियस जूनियर ने भी नेमार की तारीफ की। उन्होंने कहा, नेमार मुझे प्रेरित करते हैं। मैं चाहता हूं कि वह जल्द फिट होकर मैदान पर वापसी करें। हम सभी उनके वापस खेलने का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि मोरक्को की टीम का कहना है कि नेमार की गैरमौजूदगी से उनकी रणनीति पर कोई असर नहीं पड़ेगा। मोरक्को के कोच मोहम्मद ओआहबी ने कहा कि उनकी टीम ने दोनों परिस्थितियों के लिए तैयारी की थी, चाहे नेमार खेलें या न खेलें। ओआहबी ने कहा, हमने नेमार के साथ और बिना नेमार के ब्राजील का सामना करने की तैयारी की थी। उनकी अनुपस्थिति से हमारी योजना में कोई बदलाव नहीं होगा।
मोरक्को के कप्तान अचरफ हकीमी ने माना कि वह फुटबॉल के सबसे बड़े स्टार्स में से एक नेमार का सामना न कर पाने से निराश हैं। पेरिस सेंट-जर्मेन क्लब के डिफेंडर और चैंपियंस लीग विजेता ने कहा, मैं सबसे अच्छे खिलाडिय़ों के खिलाफ खेलना चाहता हूं और नेमार सबसे अच्छे खिलाडिय़ों में से एक हैं।

Previous articleफीफा वर्ल्ड कप : अमेरिका ने धमाकेदार जीत के साथ किया आगाज, पराग्वे को एकतरफा मुकाबले में 4-1 से हराया
Next articleइस भारतीय तेज गेंदबाज के घर बजेगी शहनाई, 24 जून को लेंगे सात फेरे; तैयारियां शुरू