नई दिल्ली/हेलसिंकी,(आरएनएस)। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने फिनलैंड में आयोजित प्रतिष्ठित ‘कुल्तारांता वार्ता’ में रूस से कच्चे तेल की खरीद को लेकर पश्चिमी देशों और मीडिया द्वारा की जाने वाली आलोचनाओं का एक बार फिर बेहद बेबाक और कड़ा जवाब दिया है। उभरती शक्तियां और नई भू-राजनीतिक प्रतिस्पर्धा विषय पर आयोजित चर्चा के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत अपनी ऊर्जा सुरक्षा और 140 करोड़ नागरिकों के आर्थिक हितों को सर्वोपरि रखकर ही फैसले लेता है। जयशंकर ने दोटूक शब्दों में कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान यूरोप और अमेरिका की नीतियों में खुद कई विरोधाभास रहे हैं, इसलिए भारत को नैतिकता का पाठ पढ़ाने की कोशिश कतई उचित नहीं है।चर्चा के दौरान जब एक पत्रकार ने भारत पर रूस के प्रति नरम रुख अपनाने और रूसी तेल खरीदने का सीधा आरोप लगाया, तो विदेश मंत्री ने उसे वैश्विक बाजार के आंकड़ों से समझाते हुए खारिज कर दिया। जयशंकर ने बताया कि यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद यूरोपीय देशों ने अचानक मध्य-पूर्व (मिडिल ईस्ट) के देशों से भारी मात्रा में तेल खरीदना शुरू कर दिया था, जो कि ऐतिहासिक रूप से भारत का मुख्य आपूर्तिकर्ता रहा है। जब यूरोप ने भारत के पारंपरिक बाजार पर कब्जा कर लिया, तो बाजार की परिस्थितियों और कीमतों के संतुलन ने भारत को वैकल्पिक स्रोत के रूप में रूस की तरफ बढऩे के लिए मजबूर किया। यह फैसला किसी राजनीतिक संदेश के लिए नहीं, बल्कि अपनी घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए लिया गया था। अपने संबोधन में डॉ. जयशंकर ने अमेरिका की दोहरी नीति पर भी तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने खुलासा किया कि वर्ष 2022 में खुद अमेरिका ने भारत को रूसी तेल खरीदने के लिए पर्दे के पीछे से प्रोत्साहित किया था, ताकि वैश्विक ऊर्जा बाजार में तेल की भारी किल्लत न हो और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की कीमतें नियंत्रण में रहें। उन्होंने कहा कि यह एक अजीब खेल है जहां एक समय तेल खरीदने का दबाव बनाया जाता है और दूसरे समय उसी नीति को लेकर सवाल खड़े किए जाते हैं। अंतरराष्ट्रीय राजनीति केवल सिद्धांतों या नैतिकता से नहीं, बल्कि व्यावहारिक हितों से चलती है और दुनिया के सभी देश इस सच को अच्छी तरह समझते हैं।
भारत-यूरोपीय संघ (श्व) मुक्त व्यापार समझौते पर बड़ी बात
वैश्विक मंच से विदेश मंत्री ने भारत की भविष्य की आर्थिक और रणनीतिक प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कई महत्वपूर्ण बातें कहीं:
सप्लाई चेन का विविधीकरण: वैश्विक स्थिरता और आर्थिक मजबूती के लिए सुरक्षित और विविधता से भरी सप्लाई चेन (सप्लाई चेन विविधीकरण) आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है








