नई दिल्ली,(आरएनएस)। कांग्रेस ने गुरुवार को किसानों समेत कई मुद्दों पर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ एक राष्ट्रीय अभियान शुरू करने का ऐलान किया. कांग्रेस ने कहा कि अभियान का कार्यक्रम 28 जून को घोषित किया जा सकता है और यह तीन महीने तक चलेगा.यह फैसला कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में लिया गया, जिसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता मौजूद रहे. इस बैठक में कांग्रेस महासचिव, इंचार्ज और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी शामिल हुए.मीडिया से बात करते हुए, कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने पार्टी के सीनियर नेता जयराम रमेश के साथ कहा कि, गुरुवार को महासचिव, इंचार्ज और पीसीसी अध्यक्ष की तीन घंटे लंबी बैठक हुई. बैठक में देश के मौजूदा राजनीतिक हालात, खासकर आर्थिक संकट पर चर्चा हुई।
जनता से जुड़े अलग-अलग मुद्दों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतें दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जा रही हैं. लोग बहुत परेशान हैं, लेकिन सरकार ने कोई एक्शन नहीं लिया है. बेरोजगारी अपने चरम पर है. पूरा एमएसएमई सेक्टर पूरी तरह से बर्बाद हो गया है. युवा अपने भविष्य को लेकर बहुत परेशान हैं. कोई रोजगार नहीं है.
देश की शिक्षा प्रणाली का जिक्र करते हुए, केसी वेणुगोपाल ने कहा कि, नीट और सीबीएसई परीक्षा के मुद्दों की वजह से छात्र बहुत ही खतरनाक स्थति में हैं. सरकार इनमें से किसी भी मुद्दे के लिए कोई नैतिक जिम्मेदारी नहीं ले रही है. हमें कब तक शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांगना पड़ेगा.
सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि देश में हालात इतने खतरनाक हैं कि एक तरफ लोकतंत्र नहीं है और दूसरी तरफ आम लोग अपनी रोजी-रोटी के लिए संघर्ष कर रहे हैं. यह बताते हुए कि पार्टी पूरे देश में एक राष्ट्रीय अभियान शुरू करने जा रही है, वेणुगोपाल ने कहा कि यह सिर्फ राष्ट्रीय स्तर पर ही नहीं, बल्कि राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर भी होगा.
उन्होंने कहा कि, जहां भी लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, कांग्रेस पार्टी वहां जाएगी, उनकी भावनाओं को शेयर करेगी और उनके लिए लड़ेगी. वेणुगोपाल ने कहा कि, सिर्फ आंदोलन के पारंपरिक तरीकों से ही नहीं, हम उन लोगों के पास जाएंगे जो परेशान हैं, जो दर्द में हैं.
उन्होंने कहा, हम ज्यादा से ज्यादा आंदोलन के जरिए उनका दर्द बांटने और उनकी आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे. कांग्रेस नेता ने आगे कहा, हर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता को सडक़ों पर उतरना चाहिए. हम अगले दो से पांच दिनों में कार्यक्रम की जानकारी तैयार कर लेंग.। इसकी जानकारी देते हुए रमेश ने कहा, शेड्यूल 28 जून को घोषित किया जाएगा. यह तीन महीने तक चलेगा.








