जवाहर चौक में अतिक्रमण दस्ते के जाते ही फिर सज जाता है बाजार, राहगीर परेशान

Join Us

क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं
भोपाल (संदीप पंडा)।
नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर शहरभर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। इस अभियान के चलते कई क्षेत्रों में सडक़ें व्यवस्थित हुई हैं और स्वच्छ एवं सुंदर भोपाल की झलक भी दिखाई देने लगी है। इसके बावजूद जवाहर चौक स्थित स्मार्ट सिटी रोड के आसपास अतिक्रमण की समस्या लगातार बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार नगर निगम का अमला जैसे ही कार्रवाई के लिए पहुंचता है, सडक़ किनारे लगी सब्जी एवं अन्य दुकानों को तत्काल हटा लिया जाता है, लेकिन दस्ते के लौटते ही कुछ ही समय में दोबारा बाजार सज जाता है। इससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार न्यू मार्केट क्षेत्र में वर्षों से प्रत्येक रविवार को सब्जी हाट बाजार लगता आ रहा है। स्मार्ट सिटी रोड निर्माण के बाद यह हाट बाजार दो हिस्सों में विभाजित हो गया है। एक हिस्सा तात्या टोपे स्टेडियम के आसपास तथा दूसरा हिस्सा जवाहर चौक क्षेत्र में संचालित होता है। हालांकि स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जवाहर चौक के पास लगने वाला बाजार अब केवल रविवार तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि अन्य दिनों में भी दुकानें लगने लगी हैं।
शाम के समय यहां अत्यधिक भीड़ के कारण जाम जैसी स्थिति बन जाती है। सडक़ संकरी होने और दोनों ओर ठेले व दुकानों के लगने से वाहन चालकों, पैदल राहगीरों तथा स्थानीय निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार राहगीरों और ठेला संचालकों के बीच विवाद जैसी स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से मांग की है कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उनका कहना है कि यदि रविवार को निर्धारित हाट बाजार के अतिरिक्त अन्य दिनों में सडक़ पर दुकानें लगाई जाती हैं, तो संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और आमजन को राहत मिल सके।

Previous articleइंग्लैंड-आयरलैंड में होने वाली टी-20 सीरीज से बाहर हुए मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा को मिला मौका
Next articleबेजुबान जानवरों की भलाई जरूरी है, मूकदर्शक नहीं बना जा सकता