एसटीएफ ने अवैध कफ सिरप फैक्ट्री पकड़ी

Join Us

भोपाल (आरएनएस)। गांधीनगर इलाके में स्पेशल टास्क फोर्स ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान से भारी मात्रा में अवैध नशीला कफ सिरप बरामद किया है। डोबरा पटेल सिटी कॉलोनी स्थित मकान पर की गई इस कार्रवाई में एसटीएफ ने करीब 75 हजार कफ सिरप की बोतलें जब्त की हैं, जिनकी कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपए बताई जा रही है। एसटीएफ ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।कार्रवाई देर रात शुरू हुई और करीब तीन घंटे तक चली। तडक़े सुबह 3 बजे तक पूरी कॉलोनी में पुलिस और एसटीएफ की गतिविधियां जारी रहीं।एसटीएफ को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि गांधीनगर क्षेत्र से अवैध रूप से नशीले कफ सिरप की सप्लाई की जा रही है। मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिलने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से डोबरा पटेल सिटी कॉलोनी स्थित मकान पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान टीम ने मकान के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली।जांच के दौरान दो अलग-अलग कमरों में बड़ी संख्या में कार्टन और बोतलों में भरा प्रतिबंधित कफ सिरप मिला। बरामद माल की मात्रा देखकर जांच अधिकारी भी हैरान रह गए।एसटीएफ अधिकारियों ने मौके से बरामद कफ सिरप के सैंपल जब्त कर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद यह साफ हो सकेगा कि बरामद सिरप में कौन-कौन से प्रतिबंधित तत्व मौजूद हैं। राहुल कुमार लोढ़ा ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से इस नेटवर्क को संचालित कर रहे थे। यह नशीला कफ सिरप भोपाल शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी सप्लाई किया जा रहा था। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी असली कफ सिरप के रेपर हटाकर दूसरे रेपर लगाकर बाजार में बेचते थे, ताकि पकड़ में न आएं।

एसटीएफ के मुताबिक एक सिरप की कीमत करीब 200 रुपए है। जब्त की गई करीब 75 हजार बोतलों की कुल कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपए आंकी गई है। मामले में तीन नाबालिगों सहित कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी से पूछताछ की जा रही है और जांच एजेंसी को इस नेटवर्क से जुड़े कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।

अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे मामले में सप्लाई चैन और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। एसटीएफ अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह अवैध कारोबार कहां से संचालित हो रहा था और किन जिलों तक इसकी सप्लाई की जा रही थी।

एसटीएफ अधिकारियों ने साफ किया है कि नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Previous articleसुप्रीम कोर्ट से शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को बड़ी राहत, अग्रिम जमानत रहेगी बरकरार
Next articleट्विशा शर्मा मौत मामले में कोर्ट ने सास गिरिबाला और पति समर्थ को पांच-पांच दिन की सीबीआई रिमांड पर भेजा