कप्तान रजत पाटीदार की शानदार बल्लेबाजी और फिर गेंदबाजों के कमाल प्रदर्शन की बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) लगातर दूसरी बार फाइनल में पहुंच गई है. धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर में आरसीबी ने गुजरात को 92 रनों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की है.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने कप्तान रजत पाटीदार के नाबाद 93 रनों की बदौलत 254/5 का रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया. जो आईपीएल प्लेऑफ के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है.
गुजरात के फील्डरों ने पाटीदार को दो बार जीवनदान दिया, जिसका उन्हें भारी खामियाजा भुगतना पड़ा. पाटीदार ने हर गेंदबाज पर हमला बोला और सिर्फ 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. पाटीदार अंत तक बल्लेबाजी और सिर्फ 33 गेंदों में 93 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें पांच चौके और नौ छक्के शामिल थे. जिसकी वजह से उनको प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड दिया गया.
इसके अलावा कोहली 25 गेंदों में 43 रन बनाकर बोल्ड हो गए, जबकि पडिक्कल 19 गेंदों में 30 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. क्रुणाल पांड्या ने 28 गेंदों में तेजी से 43 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल थे.
255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए, गुजरात टाइटंस लगातार विकेट गिरने के कारण कभी भी मैच में वापसी नहीं कर पाए. तेज गेंदबाज जैकब डफी ने तीन महत्वपूर्ण विकेट लेकर गेंदबाजी आक्रमण की शानदार अगुवाई की, जबकि भुवनेश्वर कुमार, रासिक सलाम डार और क्रुणाल पांड्या ने दो-दो विकेट लिए.
गुजरात के पावर प्ले में ही 51 के स्कोर पर 5 विकेट गिर गए थे. जिसमें साई सुदर्शन का अजीबो गरीब तरीके से आउट होना भी शामिल है. जब जैकब डफी की गेंद पर शॉट खेलते समय उनके हाथ से बल्ला छूट गया और उछलकर स्टंप्स से जा टकराया, जिससे वो आउट हो गए.
इसके बाद भुवनेश्वर कुमार ने गुजरात के कप्तान शुभमन गिल को सिर्फ दो रनों पर बोल्ड करके गुजरात को एक बड़ा झटका दिया. जोस बटलर ने जवाबी हमला करने की कोशिश की और जोश हेजलवुड की गेंदों पर चौके और छक्के जड़े, लेकिन हेजलवुड ने तुरंत पलटवार करते हुए इस खतरनाक बल्लेबाज को क्लीन बोल्ड कर दिया. बटलर ने सिर्फ 11 गेंदों में तेजी से 29 रन बनाए.
पावर-प्ले के आखिरी ओवर में आरसीबी ने मैच पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली, जब रासिक सलाम डार ने एक ही ओवर में निशांत संधू और जेसन होल्डर को आउट कर दिया. विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए पावर-प्ले के अंत में गुजरात का स्कोर 51/5 था और वे संघर्ष कर रहे थे.
वॉशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन डफी ने सुंदर को आठ रनों पर आउट कर दिया. न्यूजीलैंड के इस तेज गेंदबाज ने कुछ ही देर बाद राशिद खान को भी आउट करके गुजरात का स्कोर 11 ओवरों में 87/7 कर दिया. क्रुणाल पांड्या ने कागिसो रबाडा को आउट करके गुजरात की मुश्किलें और बढ़ा दीं. रबाडा को लॉन्ग-ऑन पर विराट कोहली ने कैच किया.
जब मैच लगभग गुजरात की पहुंच से बाहर हो चुका था, तब राहुल तेवतिया ने गुजरात टाइटंस के लिए अकेले ही संघर्ष किया. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने एक शानदार पारी खेली और सिर्फ 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. उन्होंने 43 गेंदों में आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से 68 रन बनाए, जिसके बाद भुवनेश्वर ने उन्हें एक धीमी गेंद पर आउट कर दिया.
क्रुणाल पांड्या ने आखिरी विकेट लेकर पारी का समापन किया, जिससे गुजरात टाइटन्स 19.3 ओवरों में 162 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. बेंगलुरु की ओर से जैकब डफी सबसे सफल गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने 39 रन देकर 3 विकेट लिए.
इस जीत का साथ जहां आरसीबी फाइनल में पहुंच गई वहीं गुजरात को टॉप 2 में रहने की वजह से फाइनल में पहुंचने का एक और मौका मिलेगा. अब वो 29 मई को क्वालीफायर 2 में एलिमिनेटर की विजेता टीम से भिड़ेंगे. टूर्नामेंट का एलिमिनेटर मैच कल यानी की 27 मई को हैदराबाद और राजस्थान के बीच न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा.








