हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली थाना क्षेत्र में रविवार देर रात ट्रिपल मर्डर की सनसनीखेज वारदात सामने आई। टीडीआई कुंडली स्थित बीपीएल फ्लैट्स में एक व्यक्ति ने पति-पत्नी समेत तीन लोगों की तेजधार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान विजय और उसकी पत्नी सुनीता निवासी कोट मोहल्ला, सोनीपत तथा स्वाति निवासी गांव बडोली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक तीनों पर तेजधार हथियार और भारी वस्तु से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
शुरुआती जांच में सामने आया कि पड़ोसियों ने आरोपी के अवैध संबंधों को लेकर टोका था, इस पर झगड़ा हुआ और उसने हमला कर दिया। आरोपी की पहचान ब्रह्मप्रकाश के रूप में हुई है, जो मूल रूप से झज्जर जिले के जसोर खेड़ी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है और दिल्ली पुलिस से बर्खास्त बताया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद सोनीपत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी।
तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या में इस्तेमाल हथियार और मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात फ्लैट्स से चीख-पुकार की आवाजें सुनाई दी थीं, लेकिन जब तक लोग मौके पर पहुंचे, तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी। घटना के बाद इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई।
सोनीपत पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का दावा किया गया है।








