इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 68वें मुकाबले में पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी (101*) खेली। यह उनका पहला आईपीएल शतक रहा, जिसे उन्होंने 51 गेंदों में पूरा किया। पारी का 25वां रन बनाते ही उनके टी-20 करियर में 7,000 रन पूरे हो गए। उनकी इस पारी की बदौलत पंजाब किंग्स की टीम अहम जीत दर्ज करने में सफल रही। इस पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
पंजाब किंग्स को 197 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 22 रन के कुल स्कोर पर 2 बड़े झटके लग गए थे। इसके बाद बल्लेबाजी पर आए श्रेयस ने प्रभसिमरन सिंह (69) के साथ स्कोर को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 140 रन की शतकीय साझेदारी भी हुई। इस दौरान श्रेयस ने पहले अर्धशतक जड़ा और फिर उसे शतक में तब्दील कर दिया। वह 11 चौके और 5 छक्कों से 101 रन बनाकर नाबाद रहे।
श्रेयस ने कप्तान के तौर पर आईपीएल में अपने 3,000 रन भी पूरे कर लिए। वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाले सिर्फ छठे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले ये कारनामा डेविड वार्नर (3,356 रन), गौतम गंभीर (3,518 रन), रोहित शर्मा (3,986 रन), महेंद्र सिंह धोनी (4,753 रन) और विराट कोहली (4,994 रन) ने किया था। श्रेयस ने 101 मैच की 99 पारियों में ये उपलब्धि हासिल की। वह कप्तान के रूप में 25 अर्धशतक लगा चुके हैं।
श्रेयस का आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन रहा है। उन्होंने इस संस्करण में 14 मैचों की 13 पारियों में 55.33 की औसत और 168.81 की स्ट्राइक रेट से 498 रन बनाए हैं। इसमें 1 शतक के अलावा 5 अर्धशतक भी शामिल है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 101* रन का रहा है। वह पंजाब किंग्स के लिए दूसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनसे अधिक रन प्रभसिमरन सिंह (510) ने बनाए हैं। ऑरेंज कैप की दौड़ में श्रेयस 11वें नंबर पर हैं।
इस शतकीय पारी के साथ श्रेयस के नाम एक खास उपलब्धि और दर्ज हो गई। वह आईपीएल इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक जडऩे वाले केवल चौथे कप्तान बने हैं। उनसे पहले वीरेंद्र सहवाग (119 बनाम डेक्कन चार्जर्स, 2011), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विराट कोहली (108* बनाम राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स, 2016) और चेन्नई सुपरकिंग्स के संजू सैमसन (119 बनाम पंजाब किंग्स, 2021) ही यह कारनामा करने में सफल रहे हैं।
श्रेयस ने साल 2015 में चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ अपने आईपीएल करियर का आगाज किया था। उन्होंने अब तक 146 मुकाबलों की 145 पारियों में 35.76 की औसत और 136.65 की स्ट्राइक रेट के साथ 4,220 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 1 शतक के अलावा 32 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर इसी मैच में आया है। वह लीग में 27 बार नाबाद रहे हैं और 353 चौके और 181 छक्के जड़ चुके हैं।
श्रेयस ने साल 2014 में अपने टी-20 करियर का आगाज किया था। उन्होंने अब तक 254 मुकाबले खेले हैं, जिसकी 247 पारियों में लगभग 35 की औसत और 138.47 की स्ट्राइक रेट के साथ 7,076 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 4 शतक के अलावा 49 अर्धशतक भी जड़े हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 147 रन का रहा है। वह अपने करियर में 45 बार नाबाद रहे हैं और 587 चौके और 316 छक्के भी जड़ चुके हैं








