बीसीसीआई का बड़ा फैसला, कोलकाता नाइट राइडर्स स्टार को भारत की ए टीम में किया शामिल

Join Us

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने कुछ दिन पहले ही इंडिया ए टीम का ऐलान किया था, लेकिन अब उस स्क्वाड में एक बड़ा बदलाव किया गया है. बोर्ड ने कोलकाता नाइट राइडर्स के ऑलराउंडर अनुकूल रॉय को श्रीलंका के खिलाफ होने वाली आगामी ट्राई-सीरीज के लिए इंडिया ए टीम में शामिल किया है. 27 वर्षीय अनुकूल ने हर्ष दुबे की जगह लेंगे, क्योंकि उनको अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी सीरीज के लिए इंडिया की टेस्ट और वनडे टीमों में पहली बार शामिल किया गया है.
बीसीसीआई ने एक प्रेस रिलीज में कहा, पुरुष चयन समिति ने श्रीलंका में होने वाली आगामी ट्राई-सीरीज के लिए इंडिया ए टीम में अनुकूल रॉय को शामिल किया है. उन्होंने हर्ष दुबे की जगह ली है, जिन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी फर्स्ट बैंक होम सीरीज के लिए भारत की टेस्ट और वनडे टीमों में पहली बार बुलाया गया है.
बता दें कि यह ट्राई-सीरीज 9 से 21 जून तक दांबुला में खेली जाएगी, जिसमें मेजबान श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए की टीमें भी हिस्सा लेंगी. तिलक वर्मा को टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि रियान पराग टीम के उप-कप्तान होंगे.
बायें हाथ के बल्लेबाज और स्पिन गेंदबाज अनुकूल रॉय घरेलू क्रिकेट में झारखंड के लिये खेलते हैं और आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स टीम का हिस्सा हैं. अनुकूल रॉय अंडर 19 विश्व कप 2018 में खिताब जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे, जिसमें उन्होंने ने कुल 14 विकेट लिये थे.
उसी साल मुंबई इंडियंस ने उन्हें 20 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन चार सीजन के दौरान उन्हें सिर्फ एक ही मैच खेलने का मौका मिला. इसके बाद, 2022 की नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें 20 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल कर लिया, और तब से वे इसी फ्रेंचाइजी के साथ बने हुए हैं.
अनुकूल ने आईपीएल 2026 में केकेआर के लिए अहम योगदान दिया है. उन्होंने आठ विकेट लेने के साथ-साथ 43 रन भी बनाए हैं. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा, जहां वे तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे. उन्होंने 10 पारियों में 60.60 की औसत और 160.31 के स्ट्राइक रेट से कुल 303 रन बनाए, और झारखंड को खिताब जिताने के अभियान में कई मैच-जिताऊ छोटी-छोटी पारियां खेलीं.
तिलक वर्मा (कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (उप-कप्तान), आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकूल रॉय.

Previous articleगुजरात के बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों का कहर, चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रनों से हारकर टूर्नामेंट से किया बाहर
Next articleबीसीसीआई ने जारी किया घरेलू सीजन 2026-27 का शेड्यूल, 11 अक्टूबर से शुरू होगी रणजी ट्रॉफी