गुरदासपुर-पठानकोट एनएच पर आज सुबह धारीवाल के नजदीक कस्बा कलेर खुर्द के पास एक भीषण सडक़ हादसा हो गया। अमृतसर से जम्मू जा रही एक तेज रफ्तार टूरिस्ट बस अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ पर ही पलट गई।
बस के पलटते ही उसके पीछे चल रही 3 से 4 गाडिय़ां भी एक-दूसरे से टकरा गईं। इस दुर्घटना में 2 कॉलेज छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
टूरिस्ट बस में ज्यादातर कॉलेज के छात्र सवार थे। ये सभी अमृतसर के ग्लोबल कॉलेज में पढ़ते हैं। परीक्षाओं के खत्म होने और छुट्टियां शुरू होने के बाद सभी छात्र बेहद खुश थे और बस में सवार होकर अपने घर जम्मू लौट रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि चंद किलोमीटर का यह सफर उनके जीवन का आखिरी सफर बन जाएगा।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को आनन-फानन में एम्बुलेंस के जरिए नजदीकी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।








