थाईलैंड ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय जोड़ी सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पुरूष युगल फाइनल में प्रवेश कर लिया है. उन्होंने तीन गेम के रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में मलेशिया के गोह जे फेइ और नूर इजुद्दीन को मात दी.
दुनिया की चौथे नंबर की जोड़ी सात्विक और चिराग ने नौवीं रैंकिंग वाली मलेशियाई जोड़ी से 82 मिनट में 19-21 से पहला गेम हारने के बाद लगातार दो गेम 22-20, 21-16 से जीत लिया.
फाइनल मैच में भारतीय जोड़ी का मुकाबला इंडोनेशिया के लियो रोली कार्नांडो और डेनियल मार्टिन की जोड़ी से होगा. ये भी उल्लेखनीय है कि ये भारतीय जोड़ी तीसरी बार फाइनल में प्रेवेश की है. इससे पहले ये जोड़ी 2019 और 2024 में खिताब जीतकर इतिहास रचा था.
मलेशियाई जोड़ी के खिलाफ उनका रिकॉर्ड 7-2 का था लेकिन गोह और इजुद्दीन ने पिछले साल इंडिया ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट में उन्हें हराया था. सेमीफाइल मैच में मलेशियाई जोड़ी ने अच्छी शुरूआत करके 3-1 की बढ़त बना ली लेकिन सात्विक और चिराग ने स्कोर 5-5 से बराबर कर लिया. पहले गेम में मलेशियाई जोड़ी ने ब्रेक तक 11-8 की बढ़त बना ली. चिराग की गलती से शटल नेट में चली गई और अंतर बढ़ गया. पहला गेम मलेशियाई जोड़ी ने 21-19 से जीता.
इसके बाद दूसरे गेम में मुकाबला बराबरी का था और स्कोर 3-3 से 6-6 हो गया. भारतीय जोड़ी ने 9-6 की बढत बना ली लेकिन चिराग के एक रिटर्न पर शटल नेट में जाने से बढत 10-9 की रह गई. ब्रेक के बाद फिर स्कोर 13-13 हो गया. चिराग ने भारत को 16-14 से बढत दिलाई लेकिन फिर रिटर्न नेट में जाने से स्कोर 16-16 हो गया. भारतीय जोड़ी ने फिर 19-16 की बढत बनाई और एक समय स्कोर 20-20 था जब भारतीय जोड़ी ने इजुद्दीन का शॉट वाइड जाने पर यह गेम जीता.
निर्णायक गेम में भारतीय जोड़ी हावी रही और मलेशियाई जोड़ी वापसी नहीं कर पाई. जिससे भारतीय जोड़ी ने 21-16 से गेम और मैच जीत लिया.








