राज्यों में जारी रहेगा अंधड़-बारिश का दौर, मानसून को लेकर आया अपडेट

Join Us

नईदिल्ली, (आरएनएस)। बंगाल की खाड़ी में बने मजबूत निम्न दबाव क्षेत्र, सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और पश्चिमी विक्षोभों के कारण मौसम बदला हुआ है। अंधड़ और झौंकेदार बारिश के कारण कई जगह तबाही मची हुई है, वहीं महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश समेत 4 राज्यों में गर्मी का असर जारी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को कई राज्यों में मौसम खराब रहने का अनुमान जताया है। इसके साथ ही इस बार मानसून समय से पहले केरलम पहुंचने की पुष्टि की है। आईएमडी के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों, अंडमान सागर और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढऩे के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। इस साल केरलम में मानसून 26 मई तक दस्तक दे सकता है, वहीं राजस्थान में 20 जून, मध्य प्रदेश में 10-16 जून और बिहार में 8-10 जून के बीच पहुंचेगा। अल नीनो के असर से 70 प्रतिशत से कम बारिश होने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिम राज्यों में अगले 2 दिनों तक मौसम बदला हुआ रहेगा। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में आज हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में झौंकेदार बारिश होने की संभावना है। इन राज्यों के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी पडऩे और लू चलने के आसार हैं। पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र, कच्छ, कोंकण और गोवा गर्मी और उमस रहने की संभावना है। दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच अंधड़ और हल्की बारिश से राहत मिल रही है। आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम के समय गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है, वहीं अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहने का अनुमान है। अगले 2 दिन के दौरान न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट आ सकती है।

Previous articleपेट्रोल-डीजल में 3 रुपए की बढ़ोतरी के बाद अभी और बढ़ सकते हैं दाम
Next articleपाकिस्तान को यह तय करना होगा कि वे भूगोल का हिस्सा रहना चाहते हैं या इतिहास का: आर्मी चीफ का सख्त संदेश