मिशेल मार्श के 90 रनों की बदौलत लखनऊ ने चेन्नई को 7 विकेट से दी मात

Join Us

मिशेल मार्श के 38 गेंदों पर तूफानी 90 रन और निकोलस पूरन के आखिर में लगातार 4 छक्कों की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स ने शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स को सात विकेट से करारी शिक्स्त दे दी.
लखनऊ के एकाना क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स ने 187/5 का स्कोर खड़ा किया था, जिसमें कार्तिक शर्मा के टी20 करियर के सर्वश्रेष्ठ 71 रन और शिवम दुबे के नाबाद 32 रनों का अहम योगदान रहा. लेकिन मार्श और जोश इंग्लिस ने 135 रनों की ओपनिंग साझेदारी करके शुरुआत से ही मैच का माहौल अपने पक्ष में कर लिया.
मार्श ने 236.84 के चौंका देने वाले स्ट्राइक रेट से नौ चौके और सात छक्के जड़े. हालांकि, एक दुर्भाग्यपूर्ण रन-आउट ने उन्हें शानदार शतक बनाने से महज दस रन पहले ही रोक दिया.
उनके, इंग्लिस और अब्दुल समद के जल्दी-जल्दी आउट होने के बाद, पूरन ने कुछ जोरदार शॉट लगाते हुए सिर्फ 17 गेंदों में 32 रन ठोक दिए. उन्होंने एक चौका और चार छक्के जडक़र लखनऊ सुपर जायंट्स को 20 गेंदें शेष रहते ही जीत दिला दी, और साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को भी जोरदार झटका दिया.
मार्श ने सिर्फ 21 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, इंग्लिस ने 32 गेंदों में 36 रन बनाकर उनका बखूबी साथ निभाया, लेकिन अंतत: मुकेश की गेंद पर आउट हो गए. ठीक अगली ही गेंद पर, मार्श भी दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट हो गए, पूरन के सीधे शॉट को नॉन-स्ट्राइकर छोर पर खड़े मुकेश ने हल्के से छू दिया, जिससे गेंद सीधे स्टंप्स से जा टकराई और मार्श 90 रनों के स्कोर पर रन-आउट हो गए.
कंबोज के लिए यह एक बुरा सपना साबित हुआ, उन्होंने 2.4 ओवर में 63 रन दिए. इससे पहले चेन्नई ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 187 का स्कोर खड़ा किया. लखनऊ की तरफ से आकाश महाराज सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 4 ओवर में 26 रन देकर तीन विकेट लिए.
मिशेल मार्श को उनकी शानदार बल्लेबाजी की वजह से प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड दिया गया.
चेन्नई सुपर किंग्स 20 ओवर में 187/5 (कार्तिक शर्मा 71, शिवम दुबे 32 नाबाद; आकाश सिंह 3-26, मोहम्मद शमी 1-41)
लखनऊ सुपर जायंट्स 16.4 ओवर में 188/3 (मिचेल मार्श 90, जोश इंग्लिस 36; मुकेश चौधरी 1-24, स्पेंसर जॉनसन 1-39)

Previous articleरॉबर्ट वाड्रा राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश, शिकोहपुर लैंड डील केस में मिली जमानत
Next articleपाकिस्तानी क्रिकेटर ने जड़ा महिला टी20आई का सबसे तेज अर्धशतक, भारतीय बल्लेबाज का टूटा रिकॉर्ड