लखनऊ, (आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बुधवार रात को पश्चिमी विक्षोभ का भयानक असर दिखा। यहां तेज आंधी-तूफान, बारिश-ओलावृष्टि और बिजली गिरने से हाहाकार मच गया।रिपोर्ट के मुताबिक, प्रयागराज, फतेहपुर, बदायूं, बरेली, कानपुर, उन्नाव और भदोही समेत कई जिलों में पेड़ गिरने, पोल उखडऩे, आसमानी बिजली गिरने और मकान गिरने से 56 लोगों की मौत हुई है, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हैं। भारतीय मौसम विभाग ने करीब 38 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 50 से 80 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली आंधी की वजह से कई जिलों में बड़ा नुकसान हुआ है। प्रयागराज में 10, उन्नाव में 7, बदायूं में 5, बरेली में 4 फतेहपुर में 5, भदोही में 10 की मौत हुई है। भदोही में एक मकान पर नीम का पेड़ गिरने से 4 की मौत हो गई। सीतापुर में पेड़ गिरने से 2 और रायबरेली में बिजली गिरने से एक किशोरी समेत 3 की मौत हुई है।
बरेली में आंधी की रफ्तार काफी तेज दिखी। यहां से एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति आंधी के कारण टीन शेड के साथ हवा में उड़ता दिख रहा है। घटना बरेली के भमोरा थाना के बमियाना गांव की बताई जा रही है। हवा में उडक़र नीचे गिरने के बाद युवक घायल हो गया है। उसकी पहचान नन्हे के रूप में हुई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में आंधी-तूफान से मृतकों का आंकड़ा 70 बताया गया है।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्राकृतिक आपदा में हुई मौतों का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को 24 घंटे में मुआवजा देने का निर्देश दिया है। सभी जिलाधिकारियों को अपने-अपने जिलों में फील्ड पर जाकर नुकसान का आकलन करने को कहा गया है।
००








